IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में खेल के दूसरे दिन मैदान पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल अंपायर पर गुस्से में नजर आए। शुभमन गिल ने जिस तरह से अंपायर पर अपना गुस्सा दिखाया उसके बाद काव्या मारन ने उस पर रिएक्ट किया। कमाल की बात ये है कि गिल पर जो कमेंट काव्या मारन की तरफ से आया वो फर्जी अकाउंट है, लेकिन उसे कई दिग्गज फॉलो करते हैं।

काव्या मारन के इस फर्जी अकाउंट को जॉन सीना भी फॉलो करते हैं और उस अकाउंट पर साफ तौर पर पैरोडी अकाउंट लिखा हुआ है। गिल के गुस्से पर इस अकाउंट से लिखा गया कि जब वो गुस्सा कर रहे थे तब ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग मैदान पर लौट आए हैं।

अंपायर से नाराज नजर आए गिल

आपको बता दें कि लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन जब भारतीय टीम ने 10.4 ओवर की गेंदबाजी की उसके बाद अंपायर से गेंद को बदलने को कहा गया क्योंकि जिस गेंद से बॉलिंग की जा रही थी वो हूप टेस्ट में फेल हो गया था। अंपायर ने भारतीय टीम के इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया और एक नई गेंद भारतीय टीम को दी। इस गेंद को देखकर सभी हैरत में थे क्योंकि बदली गई गेंद नई गेंद से बिल्कुल अलग थी। इसके बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और आकाशदीप नाराज नजर आए।

गिल ने गेंद बदले जाने के बाद गेंद को हाथ में लेकर नारागजी जाहिर करते हुए अंपायर से इसका विरोध भी किया, लेकिन अंपायर ने उनकी बाद को अनसुना कर दिया था। गिल इस दौरान काफी गुस्से में भी नजर आए और वो अंपायर के इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं थे। गिल को इस तरह से मैदान पर गुस्सा करते हुए पहली बार इस टेस्ट सीरीज के दौरान देखा गया था।