भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज याददगार साबित हुई है। बतौर कप्तान तो उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई ही, एक बल्लेबाज के तौर पर भी उन्होंने रिकॉर्ड्स की लाइन लगाई है। धर्मशाला टेस्ट में शतकीय पारी खेलकर उन्होंने जो रूट और कुमार संगाकारा जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।
रोहित ने जो रूट को छोड़ा पीछे
रोहित शर्मा ने धर्मशाला टेस्ट की पहली पारी में 103 रन बनाए। इसके लिए उन्होंने 162 गेंदों का सामना किया। रोहित की इस पारी में 13 चौके और तीन छक्के शामिल थे। यह उनका घरेलू मैदान पर 27वां अंतरराष्ट्रीय शतक है। उन्होंने इस मामले में इंग्लैंड के जो रूट और श्रीलंका के कुमारा संगाकारा को छोड़ा है। इन दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू मैदान पर 26 शतक जमाए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा से आगे केवल दो भारतीय हैं। सचिन तेंदुलकर ने भारत में 42 और विराट कोहली ने 38 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए हैं।
चेतेश्वर पुजारा की बराबरी की
अगर टेस्ट मैच की बात करें तो रोहित के नाम 12 शतक हैं। इन 12 में से 10 शतक उन्होंने भारतीय जमीन पर लगाए हैं। घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में रोहित ने दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा की बराबरी की है। पुजारा ने भी भारत में 10 शतक टेस्ट लगाए हैं। यहां भी पहले स्थान पर महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने भारतीय जमीन पर 22 टेस्ट शतक लगाए हैं।
यह रोहित शर्मा का अंततराष्ट्रीय क्रिकेट में 48 शतक है। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ की बराबरी की है जिन्होंने 48 शतक लगाए थे। रोहित से आगे अब केवल दो ही भारतीय हैं। सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए 100 और विराट कोहली ने अब तक तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 80 शतक लगाए हैं।