भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने अलग और हटके अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह चाहे मैदान पर हो, किसी इवेंट में हो, प्रेस कॉन्फ्रेंस में या कहीं और, भारत के पूर्व कप्तान रोहित हर जगह बिंदास अंदाज में ही रहते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ रांची टेस्ट में एक बार फिर रोहित का यह अंदाज देखने को मिला जहां वह कैमरामैन से ही नाराज हो गए और लाइव मैच में ही सुना दिया।

स्क्रीन पर दिख रहा था रोहित का चेहरा

मैच के पहले दिन जो रूट के खिलाफ भारत ने एलबीडब्ल्यू का रिव्यू लिया था। जडेजा की गेंद पर भारत ने अपील की थी लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। रिव्यू के समय कैमरामैन ने भारतीय कप्तान पर फोकस किया। स्क्रीन पर रोहित की ही शक्ल नजर आ रही थी। यह देखकर भारतीय बल्लेबाज नाराज हो गया।

रोहित शर्मा हुए नाराज

रोहित शर्मा ने कुछ समय तक खुद को स्क्रीन पर देखा और फिर वह झल्ला गए। उन्होंने इशारों में कैमरामैन से कहा, ‘क्या कर रहे हो, बॉल ट्रैकिंग दिखाओ।’ रोहित के रिएक्शन के बाद स्क्रीन पर बॉल ट्रैकिंग दिखाई देने लगी। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी वायरल हुआ। रोहित शर्मा पहले भी मैच के दौरान ऐसा कर चुके हैं। रीप्ले के दौरान बार-बार खुद को स्क्रीन पर देखकर भारतीय कप्तान चिढ़ जाता है।

रांची टेस्ट में इंग्लैंड की स्थिति मजबूत

रांची टेस्ट के पहले दिन की बात करें तो जो रूट के कारण इंग्लैंड अच्छी स्थिति में पहुंच चुकी है। जो रूट के नाबाद शतक से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ चौथे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को सात विकेट पर 302 रन बना लिये। रूट 226 गेंद में नौ चौकों की मदद से 106 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ ओली रॉबिनसन ने 31 रन बना लिये हैं। भारत के लिये डेब्यू करने वाले आकाश दीप ने तीन और मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिये।