इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 500 टेस्ट विकेट पूरे करने के बाद अचानक से घर लौट गए थे। बीसीसीआई ने अश्विन के बारे में सिर्फ इतना बताया था कि किसी फैमिली इमरजेंसी के कारण अश्विन को घर जाना पड़ा है। हालांकि उस दौरान यह जानकारी नहीं आई थी कि आखिर अश्विन के घर में क्या दिक्कत हुई है? अश्विन 24 घंटे के अंदर ही घर जाकर वापस भी लौट आए थे और अगले दिन मैदान पर भी उतरे थे।
रातोंरात चेन्नई गए थे अश्विन
इस घटना के करीब 15 दिन बीत जाने के बाद अश्विन की पत्नी प्रीति ने सोशल मीडिया पर पूरी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया है कि अश्विन की मां उस दिन घर में गिर पड़ी थीं और इसीलिए अश्विन को रातोंरात फ्लाइट पकड़कर चेन्नई आना पड़ा था। इस घटना के बाद अश्विन ने भी इस बारे में मीडिया से कुछ नहीं कहा। यह भारतीय ऑफ स्पिनर धर्मशाला में गुरुवार से इंग्लैंड के खिलाफ अपने करियर का 100वां टेस्ट खेलने उतरेगा।
IND vs ENG: धर्मशाला टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11 घोषित, बेन स्टोक्स ने किया 1 बदलाव
पुजारा को किया था फोन
इंडियन एक्सप्रेस में अपने कॉलम में अश्विन की पत्नी प्रीति ने बताया है कि अश्विन की मां अचानक गिर गई थीं, जिसके बाद परिवार के सभी लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए थे। इस घटना के बाद अश्विन को सीधे फोन करने की बजाए उन्होंने चेतेश्वर पुजारा को फोन किया था। प्रीति ने बताया है कि मैच के दौरान बच्चे स्कूल से घर लौटे ही थे कि उन्होंने (अश्विन) 500वां विकेट ले लिया था। हम सभी को फोन पर बधाई संदेश का जवाब दे ही रहे थे कि तभी आंटी की अचानक गिरने की आवाज सुनी।
मां ने ही अश्विन को लौटने के लिए कहा था
प्रीति ने इस दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ का भी आभार प्रकट किया जिन्होंने अश्विन के घर लौटने का रास्ता क्लियर किया। सभी के सहयोग से अश्विन देर रात हमारे पास पहुंच गए थे। जब अश्विन घर लौटे थे तब आंटी आईसीयू में एडमिट थीं। आंटी ने ही अश्विन को अगले दिन वापस लौट जाने के लिए राजी किया। प्रीति ने बताया कि मां ने अश्विन से कहा था कि वह मैच के लिए अपनी टीम के साथ जुड़ जाएं, लेकिन अश्विन मां के साथ समय बिताना चाहते थे।
