महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार 9 जुलाई 2022 को एजबेस्टन में दूसरे टी20 इंटरनेशनल के बाद इंग्लैंड का दौरा करने वाली भारतीय टीम से मुलाकात की। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को हाल ही में अपने 41 वें जन्मदिन के मौके पर साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विम्बलडन में राफेल नडाल और सानिया मिर्जा के मैच देखते देखा गया था।

धोनी की इशान किशन और कुछ अन्य लोगों के साथ बातचीत की कुछ तस्वीरें बीसीसीआई के ट्विटर हैंडल से शेयर की गईं। तस्वीरों का कैप्शन दिया गया था, ‘जब महान एमएस धोनी कुछ कहते हैं तो हमेशा सभी कान लगाकर (ध्यान से) सुनते हैं।’

शनिवार को खेले गए मैच में भारत ने इंग्लैंड को 49 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई। इशान किशन इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उनकी जगह ऋषभ पंत ने रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी।

टॉस हराने के बाद बल्लेबाजी के लिए भेजे गए भारत ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 170 रन का स्कोर बनाया था। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने 29 गेंद में नाबाद 46 रन बनाए थे। कप्तान रोहित शर्मा ने 20 गेंद में 31 और ऋषभ पंत ने 15 गेंद में 26 रन का योगदान दिया था।

इंग्लैंड के लिए क्रिस जॉर्डन (4/27) सबसे सफल गेंदबाज रहे। वहीं, 34 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले रिचर्ड ग्लीसन (3/15) ने अपने पहले ही मैच में 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। उसकी पूरी पारी 17 ओवर में 121 रन पर सिमट गई।

एमएस धोनी को गुरुवार को विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट में दोस्तों के साथ अपने पसंदीदा टेनिस सितारों को चीयर करते हुए देखा गया था। उनकी ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल थीं। नीचे आप भी उन तस्वीरों को देख सकते हैं।

ग्रे ब्लेजर और ब्लैक शेड्स पहने एमएस धोनी को विम्बलडन क्वार्टर फाइनल का मैच देखते हुए तस्वीर के लिए पोज देते हुए देखा गया। उनकी इस तस्वीर को विम्बलडन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल और उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी सीएसके ने साझा किया था।

विम्बलडन ने उनकी तस्वीर को इस कैप्शन के साथ पोस्ट किया, ‘एक भारतीय आइकन देख रहा है #विम्बलडन। @msdhoni.’ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी विम्बलडन टूर्नामेंट का लुत्फ उठाया था। उन्हें मिक्स्ड डबल्स में सानिया मिर्जा के सेमीफाइनल मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में देखा गया था।