भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए चौथे टेस्ट में जब टीम इंडिया दूसरी पारी में मुश्किल में फंसी थी, तब एक खिलाड़ी ऐसा था जिसने कंधे पर जिम्मेदारी उठाई और टीम को संकट से बाहर निकाला। जी हां, बात हो रही है केएल राहुल की। केएल राहुल ने उस मुश्किल वक्त में 90 रन की संयमित और जिम्मेदार पारी खेली, जब टीम ने सिर्फ 5 गेंदों में 2 अहम विकेट गंवा दिए थे और उसका खाता तक नहीं खुला था। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने पूर्व कप्तान को सोशल मीडिया पोस्ट में पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद X (पूर्व में ट्विटर) पर एक विश्लेषणात्मक पोस्ट शेयर की। इसमें शुभमन गिल, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की गई। इसमें उनके आंकड़ों, साझेदारियों और मैच पर प्रभाव की बात की गई, लेकिन पोस्ट में केएल राहुल का नाम तक नहीं था।

केएल राहुल ने पहली पारी में 46 रन बनाए थे। वह दूसरी पारी में भी भारत के लिए संकटमोचक बनकर उभरे। केएल राहुल दूसरी पारी में 90 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 188 रन की अहम साझेदारी की।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘ओवल टेस्ट तक ऐसी रील्स रुकनी नहीं चाहिए।’ लखनऊ सुपर जायंट्स ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें सबसे पहले इंग्लैंड की पहली पारी के 669 रन का हवाला दिया गया। इसके बाद दिखाया गया कि भारत का स्कोर बिना खाता खोले 2 विकेट है। इसके बाद सोशल मीडिया कमेंट्स के स्क्रीनशॉट्स दिखाई दिए।

इन स्क्रीनशॉट्स में लिखा था कि क्या भारत मैच ड्रॉ करा सकता है? क्या भारत में वह सब कुछ है जो जरूरी है? क्या वे इंग्लैंड की गेंदबाजी को पीछे छोड़ सकते हैं? इसके बाद शुभमन गिल शतक का जश्न मनाते हुए दिखते हैं। उन्हें सूरज की संज्ञा दी गई। फिर ऋषभ पंत आते हैं। उन्हें प्रतिबद्ध बताया गया। फिर वाशिंगटन सुंदर आते हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजी ने उन्हें Composure (मानसिक रूप से मजबूत) बताया। अंत में रविंद्र जडेजा की एंट्री होती है। उन्हें कंसिस्टेंसी (निरंतरता) कहा गया। नीचे लखनऊ सुपर जायंट्स का वह वीडियो देखा जा सकता है।

Watch Video: देखें वीडियो

केएल राहुल की पारी का महत्व

भारत बनाम इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट में मेहमान टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 669 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। इस तरह मेजबान टीम ने 311 रन की लीड बनाई। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत खराब हुई। उसने महज 5 गेंद के भीतर यशस्वी जायसवाल (0) और साई सुदर्शन (0) विकेट गंवा दिए।

उस समय भारत के खाते में एक रन भी नहीं जुड़ा था। ऐसे में केएल राहुल ने न सिर्फ मोर्चा संभाला, बल्कि कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर 188 रन की बेहद अहम साझेदारी की। यही वह स्टैंड था जिसने भारत की मैच में वापसी कराई।

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

LSG की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने फ्रेंचाइजी पर अपने ही पूर्व कप्तान के योगदान को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। एक यूजर ने लिखा, ‘जिसने टीम को डूबने से बचाया, उसी को भुला दिया? शर्मनाक!’

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘LSG को याद दिलाना पड़ेगा कि केएल राहुल उनके पूर्व कप्तान हैं। पूर्व कप्तान के सम्मान का भी कोई मतलब होता है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘रविंद्र जडेजा की तारीफ, पंत की भी, लेकिन केएल राहुल का नाम तक नहीं? 90 रन की पारी बिना जिक्र के?’