इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बाद ध्रुव जुरेल का खुशी का ठिकाना नहीं है। यह युवा खिलाड़ी केएल राहुल और केएस भरत के साथ टीम के तीन विकेटकीपर्स में से एक है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार, 12 जनवरी को टीम की घोषणा की। टीम में अपना नाम देखने के बाद 22 वर्षीय खिलाड़ी अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों के साथ अपनी खुशी शेयर करने से खुद को रोक नहीं सका।
घरेलू क्रिकेट में 20 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले उत्तर प्रदेश के विकेटकीपर बल्लेबाज का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रिकॉर्ड शानदार है। 2022 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने के बाद से इस युवा खिलाड़ी ने 15 मैच में 790 रन बनाए हैं। इसमें एक डबल सेंचुरी शामिल है। उन्होंने टीम में चयन के बाद इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की और लिखा, ” खुशी और आनंद के आंसू आ रहे हैं।”
ध्रुव जुरेल का करियर
आगरा के ध्रुव जुरेल ने फरवरी 2022 में रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के लिए डेब्यू किया था। दिसंबर 2022 में नागालैंड के खिलाफ 249 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 15 फर्स्ट क्लास मैच में 46.47 की औसत से 790 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के लिए बतौर इम्पैक्ट प्लेयर डेब्यू करते हुए उन्होंने छाप छोड़ी थी।

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर इंडिया ए के लिए खेले
पिछले महीने, ध्रुव जुरेल ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में इंडिया ए के लिए खेला था। पहले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने दूसरे मैच में 69 रनों की पारी खेली। इस महीने की शुरुआत में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ अर्धशतक भी लगाया था।
आईपीएल में ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन
जुरेल ने 2023 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए भी प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने 13 मैचों में 21.71 के औसत और 172.73 के स्ट्राइक-रेट के साथ नाबाद 34 के शीर्ष स्कोर के साथ 152 रन बनाए। जुरेल ने बतौर इम्पैक्ट प्लेयर डेब्यू किया था। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में टीम को 30 गेंद पर 74 रन चाहिए थे। जुरेल ने 15 गेंद 32 रन की पारी खेली थी। हालांकि, राजस्थान 5 रन से हार गया। राजस्थान ने उन्हें बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा था।