इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टेस्ट में भारतीय टीम संकट में है। ओवल टेस्ट के पहले दिन का खेल बारिश से प्रभावित रहा। इस दौरान 123 रन पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। भारत को चौथा और पांचवां झटका एक के बाद एक लग गया। 36वें ओवर में साई सुदर्शन और 40 वें ओवर में रविंद्र जडेजा पवेलियन लौट गए। दोनों को जोश टंग ने एक ही तरीके से आउट किया। जडेजा का विकेट देखकर ऐसा लगा कि साई की विकेट का रिप्ले देख रहे हों।

साई सुदर्शन के विकेट की बात करें तो जोश टंग ने उन्हें विकेटकपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। साई अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे वह 108 गेंद पर 38 रन बनाकर आउट हुए। टंग ने वॉबल शीम से शॉर्ट-लेंथ गेंद की। एंगल बनाते हुए गेंद ऑफ स्टंप से बाहर जा रही थी। साई सुदर्शन ने बैकफुट पर डिफेंड किया, लेकिन गेंद बाहर निकली और साई के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर के पास चली गई। साई ने अंपयार के उंगली उठाने का भी इंतजार नहीं किया।

जडेजा के पास नहीं था जवाब

रविंद्र जडेजा को भी टंग ने जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। जडेजा के पास इस गेंद का कोई जवाब नहीं था। उन्होंने शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद की। अच्छी उछाल के साथ गेंद बाहर निकली। जडेजा ने गेंद को डिफेंड करने की कोशिश की। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और विकेटकीपर के पास चली गई।

भारत बैकफुट पर

साई सुदर्शन और रविंद्र जडेजा के विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई। भारत के 3 विकेट जल्दी गिरने के बाद साई सुदर्शन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ 45 रन की साझेदारी की। इसके बाद करुण नायर के साथ 18 रन की साझेदारी की। भारत का स्कोर 4 विकेट पर 101 रन हो गया। इसके बाद रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी करने आए। जडेजा ने सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की है। मैनचेस्टर में उन्होंने शतक लगाकर मैच बचाया था।