टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान और कुछ खिलाड़ी Netflix (नेटफ्लिक्स) पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में दिखाई देंगे। रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और अक्षर पटेल नजर आएंगे। इस एपिसोड का एक प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस प्रोमो में एक सवाल पूछा गया, जिस पर सभी खिलाड़ियों का रिएक्शन देखने लायक था।

भारतीय खिलाड़ी मैदान पर जितने गंभीर रहते हैं, ऑफ फील्ड वे उतना ही खुशमिजाज और मजाकिया होते हैं। कपिल शर्मा के इस शो में भी खिलाड़ियों की वही जिंदादिली और मस्ती देखने को दिखी। इसी बीच रोहित शर्मा की भूलने वाली आदत को लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर सूर्यकुमार यादव का रिएक्शन देखने लायक था। रोहित शर्मा के जवाब पर भी हंसी आ गई।

गजनी कौन है?

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ का दूसरा सीजन शुरू हो चुका है। इसके दो एपिसोड प्रसारित भी हो चुके हैं। सीजन का तीसरा एपिसोड 5 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगा। उस एपिसोड में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, शिवम दुबे, सूर्यकुमार यादव और अर्शदीप सिंह जैसे कुछ स्टार क्रिकेटर भी हिस्सा लेंगे। तीसरे सीजन का प्रीव्यू रिलीज कर दिया गया है।

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ के दौरान सभी क्रिकेटर्स से दिलचस्प सवाल पूछे गए। इसी दौरान शो की जज अर्चना पूरन सिंह ने सवाल पूछा, ‘गजनी कौन है?’ इस सवाल के बाद जब कैमरा सूर्यकुमार यादव की तरफ जाता है तो वह आंखों से रोहित की ओर इशारा करते हुए मुस्कुराते हैं। सवाल सुनकर बाकी खिलाड़ी भी हंसने लगते हैं। सवाल सुनने के बाद रोहित कहते हैं, ‘…अरे यार।’ यह कहते हुए अपना चेहरा हाथों से छुपा लेते हैं। वह थोड़ी देर बाद खुद से कहते हैं कि यह असली टाइटल है मेरे लिए। रोहित का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोग जोर जोर से हंसने लगते हैं।’

‘गजनी’ मतलब शॉर्ट-टर्म-मेमोरी लॉस की समस्या

‘गजनी’ बॉलीवुड की उन फिल्मों में से एक है, जिसमें हीरो (आमिर खान) को शॉर्ट-टर्म-मेमोरी लॉस की समस्या होती है। अर्चना पूरन सिंह ने मजाकिया अंदाज में रोहित के भुलक्कड़ स्वभाव को सुपर स्टार आमिर खान द्वारा निभाए गए फिल्म के किरदार से जोड़ा। रोहित द्वारा अपना फोन, आईपैड, वॉलेट और यहां तक ​​कि पासपोर्ट भूल जाने की घटनाएं उनके साथियों द्वारा कई मौकों पर मशहूर हुई हैं। रोहित वर्तमान में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत की अगुआई कर रहे हैं, जिसमें भारत 1-0 से आगे है।

इसके अलावा कपिल शर्मा ने सवाल पूछा, ‘टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद सबसे ज्यादा पार्टी किसने की। इस सवाल पर हर कोई एक दूसरे को देख रहा था।’ रोहित ने कहा, ‘अरे तुम्हें जो नाम पसंद है ले लो… तो खिलाड़ियों ने रोहित शर्मा का नाम ले लिया।’

इसके अलावा खिलाड़ियों को कुछ भारतीय खिलाड़ियों के नाम दिखाए जाते हैं और सामने वाले खिलाड़ी को अभिनय करके दिखाना होता है। इसमें विराट कोहली, एमएस धोनी के नाम थे। रोहित शर्मा इस साल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ के पहले सीजन में श्रेयस अय्यर के साथ नजर आए थे।