बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लीग मैच में एक छक्का लगाते ही एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन को पीछे छोड़ दिया। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और उन्होंने फिर 50 ओवर में 8 विकेट पर 256 रन बनाए। भारत की तरफ से इस मैच की पहली पारी में जसप्रीत बुमराह, मो. सिराज और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए।

बतौर कप्तान एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के रोहित शर्मा के नाम

बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पारी के दौरान रोहित शर्मा ने जैसे ही पहला छक्का लगाया वह बतौर कप्तान एक कैंलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले कप्तानों की लिस्ट में पहले नंबर पर पहुंच गए। रोहित शर्मा ने इयोन मोर्गन का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिनके नाम पर यह रिकॉर्ड अब तक दर्ज था। मोर्गन ने बतौर कप्तान साल 2019 में 60 छक्के लगाए थे, लेकिन रोहित शर्मा ने 62 छक्के लगाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। इस मामले में तीसरे नंबर पर 59 छक्कों के साथ एबी डिविलियर्स मौजूद हैं जिन्होंने 2015 में यह कमाल किया था। इस लिस्ट में ब्रैंडन मैकुलम चौथे स्थान पर हैं जबकि क्रिस गेल पांचवें नंबर पर हैं।

एक कैलेंडर वर्ष में कप्तान के रूप में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले प्लेयर

62 छक्के – रोहित शर्मा (2023)
60 छक्के – इयोन मोर्गन (2019)
59 छक्के – एबी डिविलियर्स (2015)
54 छक्के – ब्रैंडन मैकुलम (2014)
53 छक्के – क्रिस गेल (2009)

रोहित शर्मा ने एशिया में पूरे किए 6000 रन

एशियाई धरती पर रोहित शर्मा ने अपने 6000 वनडे रन बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पारी के दौरान पूरे कर लिए और वह ऐसा करने वाले सातवें बल्लेबाज बन गए। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, एमएस धोनी, सौरव गांगुली, अजरुद्दीन, राहुल द्रविड़ यह कमाल कर चुके हैं।

एशिया में भारत के लिए सर्वाधिक वनडे रन

12067 रन – सचिन तेंदुलकर
7784 रन – विराट कोहली
6929 रन – एमएस धोनी
6302 रन – सौरव गांगुली
6267 रन – एम अजरुद्दीन
6127 रन – राहुल द्रविड़
6000 रन – रोहित शर्मा (खबर लिखे जाने तक)