भारतीय टीम का बीते एक साल में टी20 इंटरनेशनल में भले ही प्रदर्शन शानदार रहा हो, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला से प्रदर्शन चिंताजनक बनी हुई है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया गया था। सूर्यकुमार ने 27 जुलाई 2024 को भारत के स्थाई कप्तान के तौर पर पहला मैच खेला था। इसके बाद से उन्होंने 18 पारियों में सिर्फ 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनकी फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय है।
सूर्यकुमार यादव बुधवार (24 सितंबर) को एशिया कप 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ 5 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान बनने के बाद वह 9वीं बार दहाई का आंकड़ा पार किए बगैर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने केवल 3 बार 40 से ज्यादा रन बनाए हैं। कप्तान के तौर पर पहले मैच में सूर्यकुमार ने श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में उन्होंने अक्टूबर 2024 में 75 रन बनाए थे।
11 महीने से अर्धशतक नहीं जड़ पाए सूर्यकुमार
सूर्यकुमार को इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्धशतक जड़े हुए 11 महीने हो गए हैं। पिछली 12 पारियों में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 47 है, जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज में बनाए थे। उन्होंने ओमान के खिलाफ बल्लेबाजी नहीं की थी। 8 विकेट गिरने पर बी बैटिंग के लिए नहीं उतरे। एशिया कप 2025 में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 7 रन बनाकर नाबाद रहे। सूर्यकुमार ने सुपर 4 में पिछले 2 मैच में 0 और 5 रन बनाए हैं।
सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन
पाकिस्तान के खिलाफ सूर्यकुमार यादव खाता नहीं खोल पाए। फिर बांग्लादेश के खिलाफ 5 रन बनाकर आउट हुए। एशिया कप में उन्होंने 4 पारियों में सिर्फ 52 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव ने 88 मैच की 83 पारी में 37.95 के औसत और 165.23 के स्ट्राइक रेट से 2657 रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं।