Abhishek Sharma T20I Record: भारतीय टीम के तूफानी ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा चौथे टी20 आई मुकाबले में कंगारू टीम के खिलाफ काफी लय में थे, लेकिन वो बड़ी पारी खेलने से चूक गए। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जंपा ने अभिषेक शर्मा को कैच आउट करवा दिया था जब वो 21 गेदों पर 28 रन बना चुके थे।

अभिषेक ने अपनी इस पारी के अंदर एक छक्का और 3 चौके भी लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 133.33 का रहा। चौथे मैच में एक छक्का लगाने वाले अभिषेक ने एक बेहद खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और वेस्टइंडीज के दिग्गज बैटर एविन लुईस को पीछे छोड़ दिया। अभिषेक अब बतौर ओपनर टी20आई की पहली 25 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर बन गए हैं।

T20I की पहली 25 पारियों के बाद सबसे ज्यादा 6 अभिषेक शर्मा के नाम

अभिषेक शर्मा ने ओपनर के रूप में अब तक टी20आई की पहली 25 पारियों में कुल 64 छक्के लगाए थे और वो इस लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए हैं। वहीं इससे पहले ये रिकॉर्ड एविन लुईस के नाम पर दर्ज था जिन्होंने टी20आई की पहली 25 पारियों में कुल 60 छक्के लगाए थे। अब अभिषेक शर्मा ने एविन लुईस को पीछे छोड़ दिया है और वेस्टइंडीज का ये खिलाड़ी दूसरे नंबर पर चला गया है।

T20I में बतौर ओपनर 25 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

अभिषेक शर्मा- 64 छक्के
एविड लुईस- 60 छक्के
कॉलिन मुनरो- 58 छक्के
हजरतुल्लाह जजई- 54 छक्के
क्रिस गेल- 51 छक्के
केएल राहुल- 47 छक्के
ट्रेविस हेड- 43 छक्के

अभिषेक शर्मा ने अब तक टी20आई में कुल 27 पारियों में बैटिंग की है जिसमें से उन्होंने 2 पारियों में नंबर 3 पर बैटिंग की थी। नंबर 3 पर खेलते हुए अभिषेक शर्मा ने सिर्फ एक ही छक्का टी20आई में लगाया था। टी20आई में अब तक अभिषेक शर्मा ने कुल 65 छक्के लगाए हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक 28 मैच खेले हैं।