ब्रिस्बेन टेस्ट की पहली पारी में भारत का टॉप ऑर्डर फ्लॉप हो गया। केएल राहुल को छोड़कर कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टीम के ओपनर यशस्वी जायसवाल दो गेंदों में चार बनाकर पवेलियन लौटे। भारत के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर जायसवाल के शॉट सेलेक्शन से निराश हैं। उन्होंने जायसवाल को उनका काम याद दिलाया।
जायसवाल बने मिचेल स्टार्क का शिकार
जायसवाल पारी की दूसरी गेंद पर आउट हुए। वह ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की गेंद पर फ्लिक करके मिचेल मार्श को कैच दे बैठे। गावस्कर ने कहा कि जायसवाल का काम क्रीज पर जमे रहना था।
यशस्वी जायसवाल का खराब शॉट
सुनील गावस्कर ने कहा, ‘यह सर्वश्रेष्ठ शॉट नहीं हैं। आप 445 रनों का सामना कर रहे हैं, तो मुझे लगता है कि आपके लिए अपनी नजर रखना महत्वपूर्ण है। यह हाफ वॉली भी नहीं थी, और आपने उस गेंद को फ्लिक करने की कोशिश की और एक आसान कैच दे दिया। निश्चित रूप से पैट कमिंस द्वारा बहुत अच्छा फील्ड प्लेसमेंट और बहुत अच्छी कप्तानी की गई।’ अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने कहा, ‘अब उस एक घंटे के लिए आपका काम क्रीज पर टिके रहने का प्रयास करना था। जायसवाल,यह बहुत बहुत निराशाजनक था।’
हर ओवर में नहीं बना सकते 25 रन
गावस्कर ने कहा, “सकारात्मक होना बहुत अच्छी बात है। लेकिन आपको व्यावहारिक भी होना होगा और खासतौर पर जब गेंद नई हो। यह पहला ओवर है; आप पहले ओवर में 25 रन बनाने के बारे में नहीं सोच सकते। गावस्कर ने कहा, ‘यह हाफ वॉली भी नहीं थी. अगर यह हाफ वॉली होती तो मैं समझ सकता था; कभी-कभी आप इसे जमीन पर नहीं रख पाते. यह एक लेंथ बॉल थी, आप इसे कभी भी नीचे नहीं रख पाते.’