भारत-अफगानिस्तान के बीच बेंगलुरु में तीसरा टी20 मैच ड्रामे से भरपूर रहा। मैच सुपर ओवर में पहुंचा। सुपर ओवर भी टाई रहा और भारत को दूसरे सुपर ओवर में जीत मिली। सुपर ओवर में रोहित शर्मा के रिटायर होने को लेकर भी बवाल हुआ। वह रिटायर आउट हुए या रिटायर हर्ट हो गए? बेंगलुरु में मैच खत्म होने के बाद यह सवाल बना हुआ है?
सुपर ओवर के नियमों के अनुसार अगर परिणाम पहले सुपर ओवर में नहीं निकलता है और दूसरा सुपर ओवर होता है तो पिछले सुपर ओवर में आउट हुआ कोई भी बल्लेबाज बल्लेबाजी नहीं कर सकता।” अगर रोहित शर्मा रिटायर आउट हुए हो होते तो वह दूसरे सुपर ओवर में बल्लेबाजी नहीं कर पाते। रोहित शर्मा के मामले में मैच ऑफिशियल्स ने यह साफ नहीं किया कि वह रिटायर आउट थे या रिटायर हर्ट।
पहला सुपर ओवर
रोहित शर्मा ने मैच में नाबाद 121 रन बनाए थे। पहले सुपर ओवर में भारत के 17 रनों का लक्ष्य मिला। रोहित ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंदों पर दो छक्के लगाए और एक रन लिया। आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थे और यशस्वी जयसवाल स्ट्राइक पर थे। भारत ने यहां चालाकी दिखाई। रोहित शर्मा पवेलियन लौट गए। उनकी जगह रिंकू सिंह क्रीज पर आए। आखिरी गेंद पर 2 रन चाहिए थे। रोहित शर्मा रिटायर हुए ताकि तेजी से दौड़ने वाला खिलाड़ी वहां हो।
दूसरा सुपर ओवर
आखिरी गेंद पर जयसवाल ने एक रन लिया। स्कोर एक बार फिर बराबर हो गया और मैच दूसरे सुपर ओवर में चला गया। पहले सुपर ओवर में लक्ष्य का पीछा करने के बाद भारत को अब पहले बल्लेबाजी करनी थी। रोहित एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे। इस बार उन्होंने रिंकू के साथ ओपनिंग की। रोहित ने पहली दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाया। फिर सिंगल लिया। अगली गेंद पर रिंकू आउट हो गए। भारत ने 2 विकेट पर 11 रन बनाए। फिर रवि बिश्नोई ने 3 गेंद पर 2 विकेट लेकर भारत को जीत दिला दी।