ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को दूसरे यूथ टेस्ट के पहले दिन मंगलवार (7 अक्टूबर) को 135 रन पर आउट करने के बाद इंडिया अंडर-19 की शुरुआत भी खराब रही। कप्तान आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा का फिर बल्ला नहीं चला। वहीं वैभव सूर्यवंशी भी सस्ते में आउट हो गए। इंडिया अंडर-19 ने 41 रन पर 3 विकेट 7 ओवर के अंदर गंवा दिए।
इंडिया अंडर-19 ने दूसरे यूथ टेस्ट में ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया। विहान मल्होत्रा और कप्तान आयुष म्हात्रे ओपनिंग करने उतरे। पहले मैच में शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। विहान मल्होत्रा के तौर पर पहला विकेट गिरा। उन्होंने 11 रन बनाए। तब इंडिया अंडर-19 का स्कोर 3.2 ओवर में 1 विकेट पर 17 रन था।
विल बायरोम ने दोनों के विकेट लिए
आयुष म्हात्रे के तौर पर दूसरा विकेट गिरा। उन्होंने 4 रनबनाए। विल बायरोम ने दोनों के विकेट लिए। पहले यूथ टेस्ट में आयुष म्हात्रे ने 21 और विहान मल्होत्रा ने 6 रन बनाए थे। मैके में खेले जा रहे दूसरे यूथ टेस्ट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरे वैभव सूर्यवंशी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 14 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रन बनाए, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। चार्ल्स लैचमुंड ने उनका विकेट चटकाया।
वेदांत त्रिवेदी-राहुल कुमार क्रीज पर
वैभव ने पहले यूथ टेस्ट में 86 गेंद पर 9 चौके और 8 छक्कों की मदद 113 रन बनाए। वैभव के अलावा पहले यूथ टेस्ट में 140 रन की पारी खेलने वाले वेदांत त्रिवेदी क्रीज पर राहुल कुमार के साथ डटे हुए हैं। इंडिया अंडर-19 ने 11 ओवर में 3 विकेट पर 59 रन बना लिए है। ऑस्ट्रेलिया 76 रन से आगे हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 पर हेनिल पटेल और खिलन पटेल ने 3-3 विकेट लेकर कहर बरपाया। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 पहली पारी में 43.3 ओवर में 135 रन पर आउट हो गई। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें।