आॅस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियॉस अपने फायरब्रांड एटिट्यूड के लिए मशहूर हैं। उनका ये लहजा उनकी बातचीत और शब्दों में भी दिखता है। उन्हें आक्रामक टेनिस खिलाड़ी माना जाता है। हालांकि वह कुछ ही समय पहले मैदान पर अपने इसी एटीट्यूड के कारण संकट में फंस गए थे। करीब एक हफ्ते पहले ही किर्गियॉस के ऊपर 17,500 डॉलर का जुर्माना लगाया गया था। ये जुर्माना उन पर इसलिए लगाया गया था, क्योंकि क्वींस क्लब चैंपियनशिप में सेमीफाइनल मुकाबला हारने के बाद उन्होंने मैदान पर ही हस्तमैथुन किया था।

किर्गियॉस से जुड़ा एक अन्य वाकया हाल ही में विंबलडन 2018 में सामने आया है। किर्गियॉस की पिछली हरकत के कारण तो उनके समर्थक भी उनसे नाराज हो गए थे। लेकिन इस बार ये वाकया पूरी तरह से दुर्घटना के कारण हुआ। मंगलवार (3 जुलाई) को पहले राउंड के मैच में किर्गियॉस का मुकाबला डेनिस इस्टोमिन से चल रहा था। इसी दौरान किर्गियॉस ने गेंद को सर्व किया। इस गेंद की रफ्तार 217 किमी/घंटा रिकॉर्ड की गई थी। किर्गियॉस के रैकेट से टकराकर निकली ये गेंद किसी रॉकेट की तरह विपक्षी खिलाड़ी की तरफ ​बढ़ी थी। लेकिन विपक्षी खिलाड़ी इस गेंद को खेलने में नाकाम रहा। ये गेंद मैदान में पीछे खड़ी बॉल गर्ल के बाएं कंधे में जा लगी।

https://youtu.be/H-u9TYg3PqU

ठीक इसी वक्त पर खिलाड़ियों और कोर्ट में मौजूद खेल अधिकारियों को ये अहसास हो गया कि गेंद कोर्ट के बैकग्राउंड में लगे कुशन पर नहीं टकराई है। बल्कि उसके सामने खड़ी बॉल गर्ल से टकरा गई है। बॉल गर्ल मैदान में ही दर्द से दोहरी होकर कराहने लगी। इसके बाद खिलाड़ियों और अधिकारियों ने भी जाकर उसे ढांढस बंधाया। बॉलगर्ल बुरी तरह से रो रही थी। उसे मैदान से तुरंत मेडिकल उपचार के लिए ले जाया गया। बॉलगर्ल के पास किर्गियॉस भी पहुंचे और उससे अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी।

बॉल गर्ल के साथ हुए इस वाकये के बाद भी किर्गियॉस के रैकेट ने कहर बरपाना बंद नहीं किया। उन्हें इस मैच में 42 सर्विंग टैली करने का मौका मिला। कि​र्गियॉस ने इस मैच में इस्टोमिन को चार सेट के गेम में 7-6, 7-6, 6-7, 6-3 से करारी शिकस्त दी। मैच के बाद किर्गियॉस ने इस पूरे वाकये पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा,”असल में मैंने आवाज सुनी थी, मैंने सोचा कि गेंद स्कोरबोर्ड से टकरा गई है। इसके बाद मुझे अहसास हुआ कि गेंद उसके कंधे से टकराई है। ये बेहद ​कठिन था। लेकिन उस लड़की ने इसे चैंपियन की तरह लिया। एक बार तो उसकी हालत देखकर मुझे भी रोना आ गया था।”