Sunil Gavaskar At Comparison Between 1992 World Cup And 2022 T20 World Cup: आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने जब से न्यूजीलैंड को हराया है, तब से पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स और प्रशंसक 1992-1992 की माला रट रहे हैं। दरअसल, 1992 में इमरान खान की अगुआई में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हराया था। वह विश्व कप भी ऑस्ट्रेलिया में खेला गया था।
पाकिस्तान ने 1992 के विश्व कप की शुरुआत भी हार के साथ की थी, लेकिन शानदार वापसी की और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। इसके बाद उन्होंने टेबल-टॉपर्स न्यूजीलैंड को हराकर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में फाइनल में जगह बनाई थी।
उस विश्व कप में सेमीफाइनल से पहले भारत ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तान को 43 रन से हराया था। दूसरा सेमीफाइनल इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच हुआ था, जिसमें इंग्लैंड ने 19 रन से बाजी मारी थी। फाइनल में इंग्लैंड को हराकर पाकिस्तान पहली बार विश्व चैंपियन बना था।
टी20 विश्व कप 2022 में भी पाकिस्तान का सफर कुछ ऐसा ही रहा है। उसकी शुरुआत खराब रही। पाकिस्तान को भारत और जिम्बाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद लगातार 3 जीत हासिल कीं। बाबर आजम की टीम ने बुधवार को न्यूजीलैंड को हरा फाइनल में जगह बनाई। यही वजह है कि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स और फैंस ने यह मुगालता पाल लिया है कि इस बार भी वही विश्व कप जीतेगा।
सुनील गावस्कर ने 1992 विश्व कप और 2022 टी 20 विश्व कप में तुलना पर कटाक्ष किया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘आप जानते हैं क्या, अगर पाकिस्तान यह विश्व कप जीतता है, तो 2048 में बाबर आजम पाकिस्तान के प्रधान मंत्री होंगे।’
बता दें कि इमरान खान विश्व कप जीतने के 26 साल बाद 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने थे। शायद इसीलिए गावस्कर ने कहा कि विश्व कप जीतने पर बाबर आजम भी 26 साल बाद अपने देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
