इंटरनेशनल टी20 लीग में जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा एक अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह लगभग हर मैच में गेंद और बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। मंगलवार को आबूधाबी नाइट राइडर्स के खिलाफ सिकंदर रजा ने पहले बल्ले और फिर गेंद से अपनी चमक बिखेरी। उन्हें इस मैच का प्लेयर ऑफ द मैच खिताब भी मिला। रजा की परफॉर्मेंस की बदौलत दुबई कैपिटल्स ने क्वालिफायर 2 में अपनी जगह पक्की कर ली है।

गेंद और बल्ले से चमके रजा

आबूधाबी नाइट राइडर्स के खिलाफ आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में दुबई कैपिटल्स ने नाइट राइडर्स को 85 रन से हरा दिया। कैपिटल्स की इस जीत में सिकंदर रजा के प्रदर्शन का अहम योगदान रहा। रजा ने पहले बल्लेबाजी के दौरान 19 गेंद में 40 रन की विस्फोटक पारी खेली। उसके बाद उन्होंने गेंदबाजी के दौरान 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए। दुबई कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। जवाब में नाइट राइडर्स की टीम 103 रन पर ऑलआउट हो गई।

44 साल की उम्र में इमरान ताहिर ने रचा कीर्तिमान, उनसे पहले सिर्फ 3 गेंदबाज ही कर चुके है यह उपलब्धि हासिल

रजा और बिलिंग्स की बीच हुई 69 रन की साझेदारी

सिकंदर रजा ने 210 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 40 रन की पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया। दुबई कैपिटल्स की ओर से रजा के अलावा कप्तान सैम बिलिंग्स ने भी 26 गेंद में 46 रन ठोक दिए। रजा और बिलिंग्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इसके अलावा ओपनर टॉम बेंटन ने भी 31 गेंद में 44 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके लगाए थे।

रजा का फॉर्म पंजाब किंग्स के लिए अच्छे संकेत

IPL 2024 के आगाज से पहले सिकंदर रजा का यह फॉर्म पंजाब किंग्स के लिए बहुत अच्छी खबर है। रजा आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा होंगे। बता दें कि रजा पिछले सीजन में भी पंजाब किंग्स का हिस्सा थे, लेकिन आखिरी सीजन उनका कुछ खास नहीं गया था। पिछले साल 7 मैचों में उन्हों ने सिर्फ 139 रन बनाए थे।