आईएलटी20 में शुक्रवार को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दुबई कैपिटल्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच हुए मैच में जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस मैच में दुबई कैपिटल्स ने डेजर्ट वाइपर्स को 5 विकेट से हरा दिया। सिकंदर रजा 45 गेंद में पांच चौके और 2 छक्के की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहे।
डेजर्ट वाइपर्स ने दिया था 172 का लक्ष्य
इस मैच में दुबई कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। डेजर्ट वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 171 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। वाइपर्स की ओर से एलेक्स हेल्स ने 37 गेंद में 66 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए। टीम के कप्तान कॉलिन मुनरो सिर्फ 6 रन का योगदान दे पाए।
सिकंदर रजा और सैम बिलिंग्स की साझेदारी से जीती कैपिटल्स
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुबई कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को 32 के स्कोर पर ही तीन झटके लग गए। मैक्स होल्डन, बेन डक और टॉम बेंटन सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान सैम बिलिंग्स और सिकंदर रजा ने पारी को संभाला दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी हुई। बिलिंग्स ने 36 गेंद में 57 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए।
कुछ ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
दुबई कैपिटल्स को आखिरी ओवर में 13 रन की जरूरत थी। यूएई के गेंदबाज अली नसीर ने 20वां ओवर डाला। रजा ने अली नसीर के ओवर की पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया था। इस ओवर की आखिरी गेंद पर कैपिटल्स को 6 रन की जरूरत थी। तब सिकंदर रजा ने लॉन्ग ऑफ के उपर से गेंद को सीधा बाउंड्री के पार पहुंचाया और इस शॉट के साथ ही दुबई कैपिटल्स ने टूर्नामेंट की चौथी जीत दर्ज की।