Prithvi Shaw Latest Health Update: दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के टीम के अगले दो लीग मैचों में उपलब्ध होने की संभावना नहीं है। गुरुवार यानी 12 मई 2022 को दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच शेन वाटसन ने ऐसे ही संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘पृथ्वी शॉ को पिछले दो सप्ताह से बुखार आ रहा है।’ पृथ्वी शॉ टीम के पिछले तीन मुकाबलों में नहीं खेल पाएं हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच जीतने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने बताया था कि पृथ्वी शॉ को टायफायड हो गया है।

पृथ्वी शॉ को बुखार था और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह एक मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में खेले थे। शेन वाटसन ने ‘ग्रेड क्रिकेटर’ से कहा, ‘मुझे नहीं पता कि जांच में क्या बात सामने आई है, लेकिन उन्हें पिछले दो सप्ताह से बुखार था। यही वजह थी कि उनकी बीमारी के कारण का पता लगाना जरूरी था खि आखिर उन्हें क्या हुआ है।’

शेन वाटसन ने कहा, ‘उनके नहीं खेलने से हमारा नुकसान होगा। उम्मीद करता हूं कि वह जल्द ही स्वस्थ हो जाएं, लेकिन दुर्भाग्य से वह हमारे अंतिम दो मैचों तक फिट नहीं हो पाएंगे।’ पृथ्वी शॉ ने खुद भी अस्पताल के बिस्तर से एक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि वह जल्द ही स्वस्थ होकर मैदान पर वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

पृथ्वी शॉ ने बीमार होने से पहले आईपीएल 2022 में 9 मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 28.78 के औसत और 159.87 के स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए थे। इसमें उनके दो अर्धशतक भी शामिल थे। आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन की बात करें तो उसने अब तक 12 मैच खेले हैं। इसमें से उसने 6 जीते और 6 हारे हैं। उसके 12 अंक हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने की संभावनाएं अभी जिंदा हैं। उसे अब 16 मई को पंजाब किंग्स और 21 मई को मुंबई इंडियंस से भिड़ना है। यदि वह क्वालिफाई नहीं कर पाती है तो फिर किसी भी हालत में पृथ्वी शॉ को आईपीएल 2022 में खेलने का मौका नहीं मिल पाएगा।