आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत का सफर जारी है। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत सेमीफाइनल में स्थान बनाने वाला पहला देश भी बन गया। इस मैच के बाद ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसे आईसीसी ने शेयर किया है। इस वीडियो में भारतीय टीम की ऑलराउंडर जेमिमा रोड्रिग्ज डांस करती नजर आ रही हैं। भले इस वर्ल्ड कप में उन्होंने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन नहीं किया हो, लेकिन इस डांस मूव्स के जरिए लोगों का दिल जरूर जीत लिया है। वीडियो को बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने रीट्वीट भी किया। उन्होंने जेमिमा से वर्ल्ड कप जीतने के लिए कहा।
दरअसल, मैच से पहले जेमिमा होटल के लॉबी से जा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने ऑफ-ड्यूटी सिक्योरिटी गार्ड के साथ डांस करना शुरू कर दिया। सिक्योरिटी गार्ड ने जेमिमा को हूबहू कॉपी किया। इस वीडियो को आईसीसी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर डाला, जो अब काफी पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में एक ऑफ-ड्यूटी सिक्योरिटी गार्ड के साथ डांस कर रही हैं। आईसीसी ने लिखा- जेमिमा का जबरदस्त डांस ऑफ ड्यूटी सिक्योरिटी गार्ड के साथ।
My favourite cricketer aces #HaanMainGalat !! Bring the cup home Jemi
And by popular demand also bring Security Ji to bollywood https://t.co/YSCceAP6E7— Kartik Aaryan (@TheAaryanKartik) February 27, 2020
इस वीडियो के बैकग्राउंड में कार्तिक की फिल्म ‘लव आज कल’ का गाना ‘ट्विस्ट’ बज रहा है। ‘ट्विस्ट’ गाने में कार्तिक और सारा अली खान के डांस को लोगों ने खूब पसंद किया। हालांकि, कार्तिक की ये फिल्म दर्शकों को ज्यादा पसंद नहीं आई। कार्तिक ने जेमिमा से वर्ल्ड कप जीतकर आने की बात कही। वहीं, उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड की भी तारीफ की। कार्तिक ने कहा कि लोगों की डिमांड पर ‘सिक्योरिटी जी’ को बॉलीवुड लेकर आइए।
जेमिमा ने 2018 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था। वे तब से टीम की अहम सदस्य बन गईं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में दो छोटी-छोटी पारियां खेली हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में जेमिमा ने 33 गेंद पर 26 रन बनाए थे। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ 37 गेंद पर 34 रन की पारी खेली थी। तीसरे मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 गेंद पर 10 रन ही बना सकीं। जेमिमा अंडर-19 क्रिकेट में स्मृति मंधाना के बाद वनडे मैच में दोहरा शतक लगाने वाली दूसरी क्रिकेटर हैं। उन्होंने 2017 में सौराष्ट्र के खिलाफ 63 गेंद पर 202 रन बनाए थे।