इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) राजस्व यानी अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए 2023-2031 के दौरान एक T20 चैंपियंस कप और एक वनडे अंतराष्ट्रीय (ODI) कप के आयोजन का विचार कर रहा है। खेल वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, टी20 चैंपियंस कप में दुनिया की शीर्ष 10 टीमों के बीच 48 मैच खेले जाएंगे। यह पिछले साल इंग्लैंड में खेले गए वर्ल्ड कप जैसा ही होगा। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था महिलाओं के लिए भी टी20 और वनडे दोनों फॉर्मेट के चैंपियंस कप आयोजित कराने की योजना बना रहा है। दोनों फॉर्मेट में 6 टीमें कुल 16-16 मैच खेलेंगी।
International Cricket Council (ICC) की ओर से दिए गए सुझाव के अनुसार, 2024 और 2028 में टी20 चैंपियंस कप होगा। इसी तरह 2025 और 2029 में ODI चैंपियंस कप का आयोजन कराने की योजना है। इस दौरान 2026 और 2030 में टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन का प्रस्ताव भी है। 2027 और 2031 में वनडे वर्ल्ड कप भी होगा। आईसीसी के इस प्रस्ताव को यदि मंजूरी मिली तो क्रिकेट फैंस हर साल आईसीसी का कोई एक बड़ा टूर्नामेंट देख पाएंगे।
हालांकि, खबर के मानें तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस प्रस्ताव का विरोध किया है। दरअसल, ये तीनों क्रिकेट बोर्ड ज्यादा से ज्यादा द्विपक्षीय सीरीज के आयोजन पर जोर दे रहे हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली इस संबंध में अन्य दोनों क्रिकेट बोर्ड के पदाधिकारियों से मुलाकात भी कर चुके हैं।
आईसीसी ने सदस्य देशों को इस टूर्नामेंट का प्रस्ताव भेज दिया है। सदस्य देशों को प्रस्तावित टूर्नामेंट की मेजबानी को लेकर 15 मार्च तक अपना रुख साफ करना है। मेजबानी की शर्तों के मुताबिक, अगर कोई देश क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन करता है, तो टिकट ब्रिकी, होटल और कैटरिंग से होने वाली कमाई उसकी होगी, जबकि ब्रॉडकास्ट और बाकी कमर्शियल गतविधियों से होने वाली कमाई आईसीसी के खाते में जाएगी। मार्च के आखिरी सप्ताह में आईसीसी की होने वाली बैठक में इस संबंध में फैसला हो सकता है।
आईसीसी का 2023 से 2031 के दौरान का प्रस्तावित शेड्यूल
टूर्नामेंट | फॉर्मेट | साल |
महिला चैंपियंस कप | वनडे | 2023 |
पुरुष चैंपियंस कप | टी-20 | 2024 |
महिला चैंपियंस कप | टी-20 | 2024 |
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंसशिप | टेस्ट | 2025 |
पुरुष चैंपियंस कप | वनडे | 2025 |
महिला वर्ल्ड कप | वनडे | 2025 |
पुरुष वर्ल्ड कप | टी-20 | 2026 |
महिला वर्ल्ड कप | टी-20 | 2026 |
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंसशिप | टेस्ट | 2027 |
पुरुष वर्ल्ड कप | वनडे | 2027 |
महिला चैंपियंस कप | वनडे | 2027 |
पुरुष चैंपियंस कप | टी-20 | 2028 |
महिला चैंपियंस कप | टी-20 | 2028 |
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंसशिप | टेस्ट | 2029 |
पुरुष चैंपियंस कप | वनडे | 2029 |
पुरुष चैंपियंस कप | वनडे | 2029 |
पुरुष वर्ल्ड कप | टी-20 | 2030 |
महिला वर्ल्ड कप | टी-20 | 2030 |
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंसशिप | टी-20 | 2031 |
पुरुष वर्ल्ड कप | वनडे | 2031 |