डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड के लिए वर्ल्ड कप 2023 काफी खराब रहा है। वह अंक तालिका में सबसे नीचे है। थ्री लायंस को शनिवार को ऑस्ट्रेलिया से 33 रन से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। जोस बटलर एंड कंपनी के लिए मुख्य चिंता आगामी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए अपना स्थान पक्का करना है।

आईसीसी के नियम के अनुसार मेजबान पाकिस्तान के अलावा वर्ल्ड कप 2023 की शीर्ष 7 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 8 टीमें बनेंगी। इंग्लैंड के तालिका में सबसे नीचे होने के कारण उसके सामने चैंपियंस ट्रॉफी में जगह बनाने की कड़ी चुनौती है। इसके लिए इंग्लैंड को शेष बचे दोनों मैच जीतना जरूरी है। ऐसा हुआ तो पाकिस्तान वर्ल्ड कप से बाहर हो सकता है।

आइए जानते हैं इंग्लैंड को चैंपियंस ट्रॉफी में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?

श्रीलंका, नीदरलैंड्स, बांग्लादेश और इंग्लैंड में से 2 टीमें ही चैंपियंस ट्रॉफी में पहुंच पाएंगी। इंग्लैंड और बांग्लादेश के 2-2 अंक हैं। इनके 2-2 मैच बचे हैं। श्रीलंका-नीदरलैंड्स के 4-4 अंक हैं। इनके भी 2-2 मैच बाकी हैं।

श्रीलंका और बांग्लादेश को 6 नवंबर को भिड़ना है। नीदरलैंड्स और इंग्लैंड को 8 नवंबर को भिड़ना है। 4 में से 2 टीमें ही जीत पाएंगी। श्रीलंका और नीदरलैंड्स जीते तो बांग्लादेश और इंग्लैंड की टीमें चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर होंगी।

इंग्लैंड और बांग्लादेश जीते तो उनके 4-4 अंक होंगे। श्रीलंका और नीदरलैंड्स के पहले से 4-4 अंक हैं। इस स्थिति में चारों टीमों को आखिरी मैच जीतना होगा। नहीं तो रन रेट से फैसला होगा। यानी इंग्लैंड के लिए दोनों मैच जीतना जरूरी है।

श्रीलंका को 9 नवंबर को न्यूजीलैंड से भिड़ना है। बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया से 11 नवंबर भिड़ना है। इंग्लैंड को 11 नवंबर को पाकिस्तान के भिड़ना है। नीदरलैंड्स को 12 नवंबर को भारत से भिड़ना है। यानी किसी का मैच आसान नहीं होगा।

न्यूजीलैंड और पाकिस्तान हारे तो वर्ल्ड कप में उनका सफर समाप्त हो सकता है। यानी इंग्लैंड जीता तो पाकिस्तान शायद ही सेमीफाइनल में पहुंच पाए। अगर इंग्लैंड एक मैच भी जीता बाकी 3 में से 2 अपने दोनों मैच हार जाएं तो नेट रन रेट पर मामला अटक जाएगा।

इंग्लैंड का रन रेट सबसे खराब है। वह दोनों मैच जीतना चाहेगा। इंग्लैंड उलटफेर का शिकार हो चुका है। अफगानिस्तान ने उसे हराया था। नीदरलैंड्स भी उलटफेर कर चुका है। वह साउथ अफ्रीका को हराया था। इंग्लैंड को सजग रहना होगा।