श्रीलंका के बल्लेबाज कुसल मेंडिस को सोमवार यानी 23 मई 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन सीने में दर्द के बाद ढाका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। लंच से पहले आखिरी ओवर के दौरान मेंडिस असहज महसूस कर रहे थे और मैदान पर लेट गए। टीम के चिकित्साकर्मियों ने उनका इलाज किया, लेकिन वह कुछ ही देर बाद सीने पर हाथ रखकर मैदान से बाहर चले गए। कुसल मेंडिस की जगह कामिंदु मेंडिस मैदान पर उतरे। मेंडिस ने सीरीज के पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 54 और 48 रन बनाए थे।

बांग्लादेश के इस दौरे पर श्रीलंका का यह आखिरी मैच है। ईएसपीएनक्रिकइंफो (ESPNCricinfo) की रिपोर्ट के मुताबिक, कुसल मेंडिस की देखभाल ढाका के एक अस्पताल में हो रही है। यह घटना लंच इंटरवल से कुछ मिनट पहले हुई। 23वें ओवर के दौरान 27 साल के मेंडिस स्लिप कॉर्डन में फील्डिंग कर रहे थे, तभी उन्होंने छाती में दर्द महसूस किया।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के डॉक्टर मंजूर हुसैन चौधरी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि मेंडिस को उनकी स्थिति के ‘उचित निदान और बेहतर प्रबंधन’ के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। मंजूर हुसैन चौधरी ने बताया, ‘कुसल मेंडिस मैच से पहले डिहाईड्रेशन से जूझ रहे थे। यह कारण भी बल्लेबाज की बेचैनी का कारण हो सकता है। यह गैस्ट्राइटिस का मामला भी हो सकता है। जांच और इलाज पूरा हो जाने के बाद ही उनकी परेशानी के बारे में ठीक से कुछ बताना संभव होगा।’

फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि कुसल मेंडिस अस्पताल में कितना समय बिताएंगे। कुसल मेंडिस ने चटगांव टेस्ट में पहली पारी में एक अर्धशतक बनाया। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में 48 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से श्रीलंका को खेल ड्रॉ करने में मदद मिली।

उमस के कारण पहले टेस्ट में भी खिलाड़ियों के लिए परिस्थितियां काफी खराब थीं। तमीम इकबाल को तीसरे दिन गंभीर क्रैम्प के कारण चोटिल होकर रिटायर होने के लिए मजबूर होना पड़ा था। वहीं, मैदानी अंपायर रिचर्ड केटलबोरो को भी चौथे दिन भीषण गर्मी के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था। यही नहीं, टेस्ट मैच के दौरान खिलाड़ियों को अक्सर विशाल छतरियों के नीचे ड्रिंक लेते हुए देखा गया था।

चटगांव में दूसरे दिन शोरफुल इस्लाम के बाउंसर की चपेट में आने के बाद श्रीलंका को तेज गेंदबाज विश्वा फर्नांडो के लिए एक कंकशन विकल्प का इस्तेमाल करना पड़ा था। उनकी जगह कसुन रजिता मैदान पर उतरे थे।

बता दें, 27 साल के कुसल मेंडिस अब तक श्रीलंका के लिए 49 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इसमें उनके नाम करीब 35 के औसत से 3 हजार से अधिक रन हैं। कुशल मेंडिस ने 82 वनडे मैच में 30 के औसत से करीब 2300 रन बनाए हैं।