हॉकी इंडिया की ऐतिहासिक महिला लीग के लिए बुधवार 15 अक्टूबर को ऑक्शन का आयोजन हुआ। चार टीमों ने कई खिलाड़ियों पर दांव लगाया जिसमें टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी, जूनियर प्लेयर्स और कई दिग्गज नाम शामिल थे। लीग के दौरान जहां कई पूर्व खिलाड़ी ऑक्शन टेबल पर नजर आए वहीं खिलाड़ियों के बेस प्राइस को लेकर असमंजस की स्थिति दिखाई। अगले साल आने वाली टीमों के हालात पर भी तस्वीर साफ नहीं हुई।

नए रोल में दिखे दिग्गज खिलाड़ी

महिला लीग के ऑक्शन के लिए 350 से ज्यादा खिलाड़ियों का नाम शामिल था। चारों टीमें ऑक्शन रूम में पहुंची और खिलाड़ियों पर बोली लगना शुरू हुआ। श्राची बंगाल टाइगर्स के टेबल पर पूर्व टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस नजर आए। पेस अपने पिता की तरह हॉकी खेल से जुड़कर भावुक महसूस कर रहे थे। पेस के पिता दिग्गज हॉकी खिलाड़ी वीस पेस हैं। वहीं एसजी पाइपर्स दिल्ली की टेबल पर पेस के साथी और ग्रैंडस्लैम विजेता महेश भूपति बैठे दिखाई दिए। भूपति एसजी स्पोर्ट्स के सीईओ हैं। वह पुरुष ऑक्शन के दौरान भी वहां नजर आए थे।

साथी हुए आमने-सामने

महेश भूपति और लिएंडर पेस की जोड़ी ने अंतरराष्ट्रीय टेनिस के कई खिताब अपने नाम किए। हालांकि यहां दो साथी अलग-अलग टेबल पर नजर आए। खिलाड़ियों के लिए उनके बीच बिडिंग वॉर हुई।

भारत की पूर्व कप्तान रानी रामपाल सूरमा क्लब की टेबल पर बतौर मेंटॉर नजर आईं। वहीं ओडिशा टीम के टेबल पर टीम इंडिया की पूर्व हेड कोच यानेक शॉपमैन दिखाई दीं। खिलाड़ी से एडमिनिस्ट्रेशन का हिस्सा बने ये दिग्गज बैटन हाथ में लिए खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला करते हुए दिखाई दिए।

बीच ऑक्शन में बदला खिलाड़ियों का बेस प्राइस

खिलाड़ियों ने अपने हिसाब से बेस प्राइस तय किया था। दिन की शुरुआत में प्रीति दुबे, दीपिका सोरेंग, माधुरी किंडो, रुतुजा दादासो पिसल और अक्षता अबोसो जैसे कुछ नाम थे जिनके लिए पहले किसी टीम ने बोली नहीं लगाई। ब्रेक के बाद इन खिलाड़ियों का बेस प्राइस बदला हुआ नजर आया और उन्हें टीमों ने चुना भी। यह सब तब हुआ जब हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को बेस प्राइस बदलने की अनुमति दे दी। जब खिलाड़ियों को एहसास हुआ कि उनके तय किए गए बेस प्राइस में फ्रेंचाइजी उन्हें नहीं लेना चाहती तो लीग का हिस्सा बनने के लिए उन्होंने बेस प्राइस कम करने की पेशकश की जो हॉकी इंडिया ने मान ली। हॉकी इंडिया के मुताबिक इससे लीग और खिलाड़ी दोनों को फायदा मिलेगा।

रानी रामपाल बनाम यानेक शॉपमैन

हॉकी इंडिया लीग के दौरान भारतीय टीम को लेकर बातचीत हुई। पूर्व भारतीय कप्तान रानी रामपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बयान दिया कि महिला टीम के लिए एक भारतीय कोच ही अच्छा विकल्प है। रानी के मुताबिक भारतीय कोच खिलाड़ियों के साथ ज्यादा अच्छा तालमेल बैठा पाते हैं। रानी ने इशारों-इशारों में पूर्व महिला विदेशी कोच यानेक शॉपमैन पर निशाना साधा जिनके साथ रानी का काफी विवाद रहा।