बुधवार 23 अगस्त 2023 की सुबह सोशल मीडिया पर वायरल एक ट्वीट ने सभी क्रिकेट प्रेमियों को निराश कर दिया। इस ट्वीट को जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर हेनरी ओलोंगा ने किया था। इसमें लिखा था कि जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज हीथ स्ट्रीक के निधन हो गया है। हालांकि, बाद में यह खबर अफवाह साबित हुई। 49 साल का यह खिलाड़ी कैंसर से जूझ रहा है।

हीथ स्ट्रीक के साथी रहे पूर्व क्रिकेटर हेनरी ओलोंगा ने ही बाद में ट्वीट करके बताया कि स्ट्रीक जीवित हैं। उन्होंने हीथ स्ट्रीक के मैसेज का स्क्रीनशॉट शेयर भी किया। हेनरी ओलोंगा ने ट्वीट में लिखा, ‘हीथ स्ट्रीक के निधन की खबर बहुत तेजी से वायरल हुई है। मैं इस बात की पुष्टि करता हूं कि वह जीवित हैं। मेरी अभी उनसे बात हुई है। थर्ड अंपायर ने उन्हें बुला लिया है। वह जिंदा है दोस्तों।’

साल 2021 में आईसीसी के भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के 5 उल्लंघनों के आरोप के बाद हीथ स्ट्रीक पर आठ साल का प्रतिबंध लगाया गया था। इस साल की शुरुआत में उन्होंने खुलासा किया था कि वह कैंसर का इलाज करा रहे हैं।

12 साल के करियर में बनाए कई रिकॉर्ड

स्ट्रीक ने पाकिस्तान के खिलाफ 1993 में अपने करियर की शुरुआत की थी। कराची में अपने डेब्यू टेस्ट मुकाबले में स्ट्रीक एक भी विकेट नहीं ले सके थे लेकिन अगले ही मुकाबले में उन्होंने 8 विकेट चटकाए थे। अपने 12 साल के करियर में इस दिग्गज खिलाड़ी ने 65 टेस्ट और 189 वनडे मुकाबले खेले। वह अपने देश के लिए टेस्ट फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले इकलौते खिलाड़ी थे।

वहीं उन्होंने इस फॉर्मेट में 1990 रन भी बनाए। उन्होंने अपने करियर का इकलौता टेस्ट शतक स्ट्रीक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा था जहां उन्होंने 127 रन बनाए थे। 189 वनडे में उनके नाम 2943 रन थे। स्ट्रीक ने साल 2000 से 2004 के बीच जिम्बाब्वे की कप्तानी की।

ये हैं जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-5 गेंदबाज

विकेट- खिलाड़ी
453- हीथ स्ट्रीक
211- ग्रीम क्रेमर
195- टेंडई चटारा
193- रे प्राइस
169- प्रॉस्पर उत्सेया

आईपीएल का भी रहे हिस्सा

स्ट्रीक का कोचिंग करियर भी खास रहा जहां वह कई आईपीएल टीमों के साथ भी नजर आए। वह जिम्बाब्वे के अलावा स्कॉलैंड और बांग्लादेश के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे। वहीं आईपीएल में भी उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात लायंस की टीम में भी कोच की भूमिका निभाई।