हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार (12 नवंबर) को अपने सरकारी आवास पर भारतीय महिला विश्व कप विजेता टीम की सदस्य शैफाली वर्मा को सम्मानित किया। सैनी ने उन्हें शॉल, 1.50 करोड़ रुपये का चेक और ‘ग्रेड ए’ खेल प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार शैफाली को हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा ब्रांड दूत नियुक्त किया गया है।
सैनी ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने आज हरियाणा की बेटी और महिला क्रिकेट विश्व कप में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन से भारत को विश्व विजेता बनाने वाली टीम की सदस्य शैफाली वर्मा से संत कबीर कुटीर (हरियाणा के मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास) में मुलाकात की और उन्हें इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उनको उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मान में हरियाणा सरकार की ओर से उन्हें 1.50 करोड़ रुपये नकद और ‘ग्रेड ए’ खेल प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। यह सम्मान हरियाणा की खेल प्रतिभाओं को और भी अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।’’
हरियाणा ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया
सैनी ने कहा कि अपनी कड़ी मेहनत और लगन से शैफाली ने केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह उपलब्धि राज्य की सभी बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मैं कामना करता हूं कि आप अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करती रहें।’’
शैफाली फाइनल में थीं प्लेयर ऑफ द मैच
शैफाली ने हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा, ‘‘विश्व कप जीतकर हम बहुत खुश हैं। हरियाणा में खेल भावना कूट-कूट कर भरी है और राज्य में हर कोई खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करता है।’’ चोटिल प्रतीका रावल की जगह पर चुनी गई 21 वर्षीय शैफाली को साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। उन्होंने 87 रन की पारी और 2 विकेट लेकर भारतीय टीम की 52 रनों की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
पीटीआई इनपुट से खबर
