अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में 28 अक्टूबर की रात मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के बीच मैच के दौरान गेंद और बल्ले के अलावा जुबानी जंग भी देखने को मिली। मुंबई इंडियंस के ऑलराउडंर हार्दिक पंड्या और रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस मैदान पर ही भिड़ गए। मैच रेफरी मनु नायर ने उनकी इस हरकत को इंडियन प्रीमियर (आईपीएल) की आचार संहिता का उल्लंघन माना। मैच रेफरी हार्दिक पंड्या और क्रिस मॉरिस दोनों की कड़ी फटकार लगाई। साथ ही भविष्य में ऐसा करने पर बड़ा दंड भुगतने के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी।

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी के दौरान क्रिस मॉरिस ने 15वां ओवर फेंका। उन्होंने अपने इस ओवर में हार्दिक पंड्या को खासा परेशना किया। उन्होंने दूसरी ही गेंद स्लोअर यार्कर फेंकी। हार्दिक इस गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। अगली 2 गेंदों (इसमें एक वाइड रही) में भी वह एक भी रन नहीं ले पाए। हालांकि, चौथी गेंद पर हार्दिक ने छक्का जड़ दिया। 17वां ओवर भी क्रिस मॉरिस ने फेंका। इस ओवर में भी दोनों के बीच रस्साकशी चलती रही। हालांकि, इस बार बाजी मॉरिस के हाथ लगी। हार्दिक मॉरिस के इस ओवर में सिर्फ 3 रन बन पाए। 19वां ओवर भी क्रिस मॉरिस लेकर आए। इस ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक ने फिर छक्का जड़ दिया। हालांकि, अगली ही गेंद पर मॉरिस ने उन्हें मोहम्मद सिराज के हाथों कैच आउट करा दिया।

हार्दिक आउट होकर पवेलियन लौटने लगे। इस दौरान उनकी क्रिस मॉरिस से बहस होने लगी। मॉरिस उन्हें कुछ कहते हुए विदाई का इशारा करते दिखे। हार्दिक ने भी उनकी तरफ अंगुली दिखाते हुए कुछ कहा। मैच रेफरी मनु नायर ने दोनों के बीच हुई इस जुबानी जंग को गंभीरता से लिया।

उन्होंने दोनों को अचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया। मनु नायर ने क्रिस मॉरिस को आईपीएल की आचार संहिता की धारा 2.5 और हार्दिक पंड्या को आचार संहिता की धारा 2.20 तोड़ने का दोषी पाया। उन्होंने इन दोनों स्टार खिलाड़ियों को कड़ी फटकार लगाई और आगे के लिए चेतावनी दी।