आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े विवादों को लेकर बात की जाए तो हरभजन सिंह और एस श्रीसंत के बीच हुआ थप्पड़ कांड फैंस को जरूर याद आएगा। इस एक विवाद ने पूरे क्रिकेट जगत को हिला कर रख दिया था। दोनों खिलाड़ियों के बीच मनमुटाव हो गया था। हालांकि अब स्थिति अलग है। जिस श्रीसंत को कभी हरभजन सिंह ने भरे मैदान पर थप्पड़ मारा था उसी श्रीसंत के साथ अब हरभजन सिंह समंदर के बीच क्रूज पर मस्ती करते दिख रहे हैं।
मियामी में मस्ती करते नजर आए हरभजन और श्रीसंत
यह खुलासा हरभजन सिंह के हाल के पोस्ट से हुआ। स्पिन गेंदबाज ने वीडियो शेयर किया जिसमें वह अपने कुछ अन्य दोस्तों के साथ मियामी के यॉट (जहाज) पर मस्ती करते नजर आए। हरभजन सिंह के साथ नमन ओझा, पार्थिव पटेल, आरपी सिंह, मोहम्मद कैफ, मनविंदर बिस्ला के साथ-साथ एस श्रीसंत भी दिखाई दिए। हरभजन के वीडियो में कई तस्वीरें थीं जिसमें यह सभी खिलाड़ी हाथ में शैंपेन का गिलास लिए मस्ती करते नजर आ रहे थे।
खत्म हो चुका है हरभजन-श्रीसंत का मनमुटाव
हरभजन सिंह और एस श्रीसंत कई बार यह कह चुके हैं कि अब उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है। वह पहले की ही तरह अच्छे दोस्त हैं। हरभजन उस थप्पड़ कांड को अपनी जिंदगी की बड़ी गलती मानते हैं। वहीं श्रीसंत का भी कहना है कि अब उनके दिल में हरभजन सिंह को लेकर कोई खट्टास नहीं है। यही कारण है कि वह कई बार साथ में वैकेशन पर जाते हैं।
फैंस को याद आए युवराज सिंह
फैंस को इस वीडियो में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह की कमी महसूस हुई। उन्होंने कमेंट करके पूछा कि इस गैंग में युवराज सिंह क्यों नहीं है। वहीं कुछ फैंस को हरभजन सिंह का यूं पार्टी करना पसंद नहीं आया। उनके मुताबिक हरभजन सिंह राज्यसभा के सदस्य हैं, उन्हें इस समय पंजाब में आई बाढ़ के बारे कुछ करना चाहिए जबकि वह अमेरिका घूम रहे हैं।