टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद देश भर से उन्हें बधाइयां मिल रही थीं। इसी कड़ी में भारत के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ये जीत 2011 वर्ल्ड कप से भी बड़ी जीत है। उनके ऐसा कहने के बाद पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने उनका वीडियो रीट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘आपको ऐसा नहीं बोलना चाहिए।’
हरभजन सिंह ने न्यूज चैनल आजतक से बातचीत करते हुए कहा कि,’यह गोल्ड मेडल की जीत 2011 क्रिकेट विश्व कप जीत से भी बड़ी है। इसका जश्न 2011 विश्व कप की तुलना में 50 गुना अधिक मनाना चाहिए।’
गौतम गंभीर ने ऐसा किसी नाराजगी में नहीं बल्कि मजाकिया अंदाज में लिखा। दरअसल जब भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीता था उस दिन गौतम गंभीर ने एक ट्वीट करते हुए लिखा था कि,’1983, 2007 और 2011 को भूल जाइए। हॉकी का ये मेडल किसी भी वर्ल्ड कप से बड़ा है।’

Forget 1983, 2007 or 2011, this medal in Hockey is bigger than any World Cup! #IndianHockeyMyPride pic.twitter.com/UZjfPwFHJJ
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) August 5, 2021
ये ट्वीट करने के बाद गौतम गंभीर ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए थे। कई लोगों ने गंभीर के इस ट्वीट पर नाराजगी व्यक्त की थी। इसी को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में हरभजन सिंह का वीडियो शेयर करते हुए हंसने वाली स्माइली के साथ लिखा, ‘ये सच है हरभजन लेकिन, आपको ये नहीं बोलना चाहिए…आपको ये नहीं बोलना चाहिए था…आपको ये कभी नहीं बोलना चाहिए।’
(यह भी पढ़ें: ‘शाहरुख या धोनी, किसे करते हैं फॉलो?’, जब नीरज चोपड़ा से पूछा ऐसा सवाल तो मिला ये जवाब)
गौरतलब है शनिवार को नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचते हुए भारत को इस ओलंपिक का पहला और कुल 10वां गोल्ड दिलाया था। वहीं उन्होंने भारत को पहली बार ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भी मेडल दिलाया। इसी के साथ भारत ने 7 मेडल के साथ टोक्यो ओलंपिक में अपना सफर खत्म किया और लंदन ओलंपिक को पीछे छोड़ते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।