हरभजन सिंह ने अपने 23 साल के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर से रिटायरमेंट ले लिया है। इसके बाद कुछ दिनों से अटकलें ये भी हैं कि भज्जी जल्द ही राजनीति में शामिल होंगे। इसी को लेकर शनिवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए इस बात को स्वीकार लिया है कि उन्हें कई राजनीतिक पार्टियों से ऑफर मिले हैं। जल्द ही वे अगर कोई फैसला लेंगे तो उसकी जानकारी देंगे।
एएनआई ने हरभजन सिंह के हवाले से एक ट्वीट किया और इस बात की जानकारी दी कि क्रिकेटर को कई पार्टियों से ऑफर आते रहे हैं। हरभजन ने बताया कि,’मैं हर पार्टी के नेताओं को जानता हूं। अगर मैं कोई पार्टी ज्वाइन करुंगा तो जानकारी दूंगा। मैं पंजाब की सेवा करुंगा चाहें राजनीति के जरिए करूं या फिर किसी और तरह से। इस पर फैसला लेना बाकी है।’
आपको बता दें कि शुक्रवार 24 दिसंबर 2021 को हरभजन सिंह ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर को अलविदा कहा था। उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो जारी करके दुनिया को अपने इस फैसले की जानकारी दी थी। इस वीडियो में उन्होंने ये भी कहा था कि, आपका टर्बनेटर दूसरी पारी के लिए तैयार है।
इसी के बाद लगातार ये भी अटकलें लग रही हैं कि क्या राजनीति ही भज्जी की दूसरी पारी होगी। वहीं कुछ दिनों पहले हरभजन ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से भी मुलाकात की थी। सिद्धू ने इस तस्वीर को संभावनाओं की तस्वीर बताया था। इस तस्वीर के बाद ये भी खबरें आई थीं कि कांग्रेस हरभजन सिंह को जालंधर सीट से विधानसभा चुनावों में उतारने की तैयारी कर रही है।
वहीं ये खबरें तब से शुरू हुई थीं जब सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हुई कि हरभजन भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। हालांकि क्रिकेटर ने बाद में इन खबरों को खारिज कर दिया था। खबरें ये भी थीं कि हरभजन के अलावा युवराज सिंह भी पंजाब के आगामी 2022 विधानसभा चुनावों में उतरेंगे। लेकिन अभी तक इन खबरों पर कोई मोहर नहीं लगी है।
टर्बनेटर के सुहाने सफर पर एक नजर
हरभजन सिंह ने 1998 में भारत के लिए सबसे पहले टेस्ट डेब्यू किया था। उसके बाद इसी साल उन्होंने वनडे में भी टीम इंडिया की कैप हासिल की। उनके नाम करीब 711 इंटरनेशनल विकेट दर्ज हैं। इसमें से यादगार लम्हा है कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स में उनकी टेस्ट हैट्रिक। उन्होंने 103 टेस्ट में 417 विकेट, 236 वनडे में 269 विकेट और 28 टी20 मैच में 25 विकेट हासिल किए हैं।
हरभजन का आईपीएल रिकॉर्ड भी कुछ कम नहीं है। 163 आईपीएल मुकाबलों में भज्जी के नाम 150 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेला है। क्रिकेट के अलावा हाल ही में उन्होंने साउथ की एक फिल्म से अभिनय में भी अपना करियर शुरू किया था।