हिमाचल प्रदेश के ताबो में पहली बार मैराथन का आयोजन किया गया है। ‘रन टू ब्रीथ’ नाम से होने वाला यह मैराथन लाहुल-स्पिति के ताबो में होगा। इसका आयोजन रोयान ने भारतीय पुरतत्व सर्वेक्षण के सहयोग से किया है। संस्था के प्रमुख डा अमीद मुराद ने बताया कि इस मैराथन में देश भर से करीब पांच सौ से ज्यादा धावक हिस्सा लेंगे। 21.5 किलोमीटर के हाफ मैराथन के अलावा स्कूली बच्चों और उम्रदराज लोगो के लिए पांच व दस किलोमीटर की दौड़ भी होगी।
ताबु जिला प्रशासन इसमें सहयोग कर रहा है। मुराद के मुताबिक इस दौड़ का मकसद ऐतिहासकि धरोहरों का संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यावरण को बचाना है। दौड़ के लिए भारत सरकार के पर्यटन व संस्कृति मंत्रालय और हिमाचल प्रदेश पर्यटन मंत्रालय से सहयोग लेने की कोशिश की जा रही है। इस सिलसिले में हाल ही में मलय सौरभ और अमित किशोर ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन बोर्ड के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया से मुलाकात कर मैराथन की जानकारी दी। मनकोटिया ने उनके प्रयास की सराहना की और कहा कि बोर्ड इस आयोजन में उनकी हर संभव मदद करेगा।
इससे पहले संस्था गाजियाबाद में इस तरह की दौड़ का आयोजन कर चुका है। संस्था इसके बाद सितंबर में हल्दीघाटी में ‘रन टू ब्रीथ’ का आयोजन करेगी। रन टू ब्रीथ का आयोजन वेदांता, एनटीपीसी और जेके टायर्स के सहयोग से किया जाएगा। इस मैराथन में हिस्सा लेने के लिए कुछ विदेशी धावकों ने भी संपर्क किया है। दूरदर्शन स्पोर्ट्स मैराथन को कवर करेगा।