बाढ़ के कहर से देश के कई हिस्से प्रभावित हैं। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश के चलते भयावह स्थिति बनी हुई है और जान-माल का नुकसान देखने को मिल रहा है। ऐसे में पुलिस, सेना और एनडीआरएफ बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने और उनकी जान बचाने की हर संभव कोशिश में जुटी है। सोशल मीडिया पर कई तरह की पोस्ट वायरल हो रही हैं। इसी बीच एक वीडियो ने इन दिनों धमाल मचा रखा है, जिसमें एक कांस्टेबल दो बच्चियों को अपने कंधे पर बिठाकर बाढ़ से निकाल रहा है। गुजरात के इस कांस्टेबल को पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने भी सैल्यूट किया है।
भारतीय टीम के इस पूर्व स्टार बल्लेबाज ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि यह वीडियो दिल छू लेने वाला है। गुजरात के कांस्टेबल पृथ्वीराज सिंह जडेजा ने कल्याणपुर गांव से इन दो बच्चियों को बाहर निकाला। बाढ़ के पानी में तकरीबन डेढ़ किलोमीटर का सफर पृथ्वीराज ने दोनों बच्चियों को अपने कंधे पर बिठाकर तय किया और इनकी जान बचाई। इनके साहस को सलाम है।
What a wonderful and touching video of Constable Pruthviraj Sinh Jadeja in Kalyanpur village of Gujarat rescuing 2 children by walking one and a half kms in flood water. Hats off to his exemplary dedication and courage #GujaratFloods pic.twitter.com/Ia9cgcYIIP
— VVS Laxman (@VVSLaxman281) August 11, 2019
इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक कांस्टेबल बाढ़ में फंसी दो बच्चियों को कंधे पर उठाकर ले जा रहा है। पृथ्वीराज सिंह जडेजा के इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर हर कोई पृथ्वीराज सिंह जडेजा के साहस और समर्पण की तारीफ कर रहे हैं। जल प्रलय के चलते गुजरात में कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी है।