संघर्षपूर्ण मुकाबले में कोलंबिया ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के मैच में भारत को अप्रत्याशित 2-1 के अंतर से मात दी। कोलंबिया के लिए दोनों गोल जुयान सेबस्टियन पेनालोजा ने 49वें और 83वें मिनट में किए। भारत के लिए विश्व कप का पहला गोल 82वें मिनट में जैक्सन सिंह थायुनाओजाम ने किया। पहले मैच में संघर्ष करने वाली मेजबान टीम भारत ने इस मैच में काफी मेहनत की और पूरे जोश के साथ कोलंबिया का सामना किया। अमेरिका के खिलाफ जो टीम खेली उससे यह टीम काफी अलग लग रही थी। टीम का डिफेंस शानदार था। उसने कोलंबिया जैसी मजबूत टीम को पहले हाफ की समाप्ति तक ज्यादा मौके नहीं दिए और अपने ऊपर हावी भी नहीं होने दिया। कोलंबिया ने जो दो मौके बनाए उन्हें भारतीय गोलकीपर धीरज सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन से नकार दिया। धीरज के अलावा भारतीय रक्षापंक्ति खासकर अनवर अली ने कोलंबिया के हाथ से मौके छीने।

कोलंबिया के लिए यहां जीत किसी भी तरह से आसान नहीं थी। बेहद आक्रामक खेलने के बाद भी वह मेजबान टीम को कभी हताश नहीं कर पाई। मेजबान टीम ने न सिर्फ कोलंबिया को रोका बल्कि कई बार उसकी सांसे अटका दीं। पहले हाफ में दो बार ऐसे मौके आए जब भारत गोल करने के करीब पहुंच गया था, लेकिन किस्मत को शायद ये मंजूर न था। 16वें मिनट में अभिजीत सरकार भारत के लिए विश्व कप में पहला गोल दागने से बेहद करीब आकर चूक गए। दो कोलंबियाई खिलाड़ियों को छकाते हुए अभिजीत ने सीधा शॉट गोलपोस्ट पर दागा, लेकिन विपक्षी गोलकीपर केविन मिएर ने शानदार बचाव करते हुए अभिजीत से यह सुनहरा मौका छीन लिया।

दूसरा मौका राहुल ने पहले हाफ के इंजुरी टाइम में बनाया। जैकसन ने कोलंबियाई खिलाड़ियों से बड़ी चतुराई से गेंद ली और गेंद को आगे बढ़ा दिया। गेंद राहुल के पास पहुंची जिन्होंने बेहतरीन शॉट खेला, लेकिन गेंद पोल से टकरा कर वापस आ गई और भारत के प्रशंसकों को निराशा हाथ लगी। 36वें मिनट में कोलंबिया के बेहतरीन खिलाड़ी कैमपाज ने भारतीय खेमे में आक्रामण किया, लेकिन धीरज ने उनके शॉट को गोलपोस्ट के अंदर नहीं जाने दिए। छह मिनट बाद यादिर मेनेसेस ने बॉक्स के बाहर से गेंद को नेट में डालना चाहा। इस बार भी घीरज उनकी राह में बाधा बने। धीरज ने अपनी बाईं तरफ फुल स्ट्रैच डाइव मारते हुए एक बार फिर अपनी टीम को पीछे होने से बचा लिया।

दूसरे हाफ में आते ही कोलंबिया ने 1-0 की बढ़त ले ली। पेनालोजा ने भारत के बॉक्स एरिया से गेंद ली और पैरों की कलाबाजी दिखाते हुए अपने लिए जगह बनाई और फिर गोलपोस्ट के बाएं कोने में गेंद को डाल अपनी टीम का खाता खोला। हालांकि इसके बाद भी भारत ने हार नहीं मानी और न ही दबाव में आई। उसने प्रयास जारी रखे और कोलंबिया को बढ़त का ज्यादा फायदा नहीं उठाने दिया। कोलंबिया बढ़त लेने के बाद भी ज्यादा मौके नहीं बना पाया। मैच खत्म होने में आठ मिनट का समय बाकी था तभी ऐसा हुआ जिसने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को अपनी सीट से उठा दिया। जैक्सन ने विश्व कप में भारत के लिए पहला गोल मार दिया था और स्कोर लाइन ने 1-1 की बराबरी बता दी थी।

भारत को 82वें मिनट में कॉर्नर मिला। स्टालिन ने कॉर्नर लिया और जैक्सन ने मध्य से हेडर के जरिए गेंद को नेट में डाल दिया। स्टेडियम और पूरी टीम अपने पैरों पर खड़े होकर जश्न मना रही थी। ड्रॉ करीब लग रहा था, लेकिन अगले ही पल पेनालोजा ने गुस्टावो अडोलफो कारवाजाल की मदद से गेंद को एक बार फिर नेट में डाल अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। मेजबान फिर भी हार मानने वाले नहीं थे। उन्होंने कुछ और मौके बनाए हालांकि गोल नहीं हो सका।

इस हार के बाद भारत का अंतिम-16 में जगह बनाने बेहद मुश्किल हो गया है। इसके लिए अब उसे अपने अगले मुकाबले में घाना को बड़े अंतर से हराना होगा और उम्मीद करनी होगी की अमेरिका, कोलंबिया को हरा दे। इसी शर्त पर वह नॉकआउट दौर में जगह बना सकता है। वहीं कोलंबिया ने भी अंतिम-16 की उम्मीदों को जिंदा रखा है।

मैच खत्म होने में 1 मिनट का समय बाकी। भारतीय खिलाड़ी छटपटाहट में दिखते हुए। धीरज ने एक बार फिर गोल बचाया। आखिरकार मैच समाप्ति की सीटी बजी। कोलंबिया ने मुकाबला 2-1 से जीता।

-मैच में पांच अतिरिक्त मिनट जोड़े जा चुके हैं। भारत के लिए अभी भी आशा की किरण जीवित। कोलंबिया फिलहाल 1 गोल की लीड में है। भारत का डिफेंस काफी एकाग्र दिखता हुआ। भारत -1, कोलंबिया 2

जैक्सन ने भारत के लिए गोल दागा। ये फीफा में भारत की ओर से पहला गोल है।  मगर 1 मिनट के अंदर ही कोलंबिया ने गोल दागकर लीड को अपने पक्ष में फिर से कर लिया है। भारत -1, कोलंबिया 2

-कोलंबिया लगातार आक्रामक खेल दिखाता हुआ। भारत के लिए एक और मौका बनता हुआ मगर अनीकेत जाधव ने अपना संतुलन खोया। कोलंबिया 1 गोल से बढ़त कामय रखे हुए है। भारत -0, कोलंबिया 1

कोलंबिया की टीम फिलहाल 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही है। भारत ने तीसरी बार गोल का मौका गंवाया। वहीं कैंपास ने साइट नेटिंग पर शॉट लगाया। 77 मिनट का खेल पूरा हो चुका है। भारत -0, कोलंबिया 1

-कैंपस ने भारतीय खिलाड़ियों को बीट किया मगर भारत ने गोल बचाया। रहीम से गेंद छिनी। धीरज भारत की ओर से शानदार गोलकीपिंग करते हुए। भारत को यहां से रिस्क लेने की जरूरत। भारत -0, कोलंबिया 1

-भारत के पास काउंटर अटैक बनाने का मौका। भारतीय रक्षापंक्ति शानदार खेल दिखाती हुई। अनिकेत जाधव के पास गोल को मौका। मगर कोलंबिया के लिए कोई नुकसान नहीं। लगभग 21 मिनट का खेल बाकी। भारत -0, कोलंबिया 1

-रहीम अगली तकलीफ में दिखते हुए। 58 मिनट का खेल हो चुका है। भारत अभी तक एक भी गोल नहीं दाग सका है। धीरज ने बाहर आकर फुटबॉल कोलंबिया के हाफ में पहुंचाई। भारत -0, कोलंबिया 1

दूसरा हाफ शुरू हो चुका है। तीन खिलाड़ियों के बीच भारत के पास से फुटबॉल छीनी। कोलंबिया ने पहला गोल किया। जुआन पेनेलोजा ने मैच का पहला गोल दागा। भारत पर यहां से दबाव बन चुका है। भारत -0, कोलंबिया 1

भारत के पास पहले हाफ तक कुल दो बड़े मौके रहे जब वह गोल कर सकता था। वहीं कोलंबिया भी इस दौरान कुछ खास नहीं खेल दिखा सकी। रैफरी की सीटी के साथ ही पहला हाफ। भारत -0, कोलंबिया 0

पहले हाफ का आखिरी एक मिनट का खेल बाकी। कोलंबिया से गेंद छिनी। भारत ने विपक्षी टीम के हाफ में फिर से गेंद पहुंचाई मगर इस मौके को भुना नहीं सके। इस हाफ में 3 मिनट का इंजरी टाइम जुड़ चुका है। भारत ने दूसरी बार गोल का मौका गंवाया। भारत -0, कोलंबिया 0

-कैंपास के लिए एक बार फिर से मौका बनता हुआ। मगर बोरिस ने भारत के लिए खतरा टाला। 41वें मिनट भारत के गोलकीपर धीरज ने शानदार गोल बचाया। धीरज के हाथ पर इस बीच चोट लगी है। मगर जल्द ही वो फिर से उठ खड़े हुए। मिनट: 44, भारत -0, कोलंबिया 0

धीरज ने शानदार सेफ किया। कोलंबिया ने गोल का मौका गंवाया। अभिजीत सरकार इस बीच चोटिल हो चुके हैं। भारतीय समर्थक टीम का मनोबल बढ़ाते हुए। पहला हाफ खत्म होने में 7 मिनट का समय बाकी। मिनट: 38, भारत -0, कोलंबिया 0

-भारतीय गोलकीपर की किक से कोलंबियन खिलाड़ी चोटिल। कैंपास तकलीफ में नजर आ रहे हैं। कोलंबिया के लिए ये बेहद बुरी खबर है। वो मैदान से बाहर जा चुके हैं। मगर रैफरी ने भारतीय गोलकीपर पर कोई पेनल्टी नहीं लगाई। मिनट: 32, भारत -0, कोलंबिया 0

-26वें मिनट कोलंबिया ने गोल का शानदार मौका बनाया मगर भारतीय खिलाड़ियों ने भारत के लिए खतरा टाला। अमरजीत चोटिल होकर मैदान से बाहर जा चुके हैं। जल्द ही वापसी की उम्मीद। मिनट: 28, भारत -0, कोलंबिया 0

-भारत की ताकत उसकी एकाग्रता ही है। कोलंबियाई खिलाड़ियों में तेजी अब पहले 20 मिनट के मुकाबले कुछ कम हो चुकी है। जेक्सन कोलंबियाई खिलाड़ी से टकराकर मैदान पर गिरे। मिनट: 25, भारत -0, कोलंबिया 0

कोलंबिया लगातार अपने स्ट्राइकर लिआंद्रो कैंपास तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत की रक्षापंक्ति और अटैक्स पर दबाव बना हुआ है। भारत के मूव्स में लय नहीं दिखाई दे रही है। मितेई के पास गोल का मौका मगर चूके। भारत ने 15वें मिनट गोल का मौका बनाया। भारत ने गोल का सुनहरा मौका गंवाया। अभिजीत सरकार भारत के लिए इतिहास बनाने से चूके। मिनट: 16, भारत -0, कोलंबिया 0

-11वें मिनट कोलंबिया के पास गोल का मौका। भारतीय खिलाड़ी उनसे फुटबॉल छीनने की कोशिश करते हुए। आखिरकार डेढ़ मिनट जद्दोजहद के बाद भारत के ऊपर से खतरा टल चुका है। मिनट: 13, भारत -0, कोलंबिया 0

-रेमान से भारत ने गेंद छीनी। भारत की शुरुआत शुरुआती वक्त में सामान्य ही दिख रही है। वहीं कोलंबिया आक्रामक खेल दिखा रहा है। कोलंबिया के कोच ने भी मैच से पहले बयान में जीत की उम्मीद जगाई है। मिनट: 10, भारत -0, कोलंबिया 0

 

-आज भारत के लिए आक्रमण का दारोमदार रहीम अली संभाल रहे हैं। रहीम विपक्षी खिलाड़ियों पर बखूबी दबाव बना पा रहे हैं। टीम इंडिया कोलंबिया के खिलाड़ियों से गेंद छीनने की लगातार कोशिश करता हुआ। मिनट: 7, भारत -0, कोलंबिया 0

-किक ऑफ के साथ खेल शुरू हो चुका है। भारत नीली और कोलंबिया पीली जर्सी में खेलते हुए। भारतीय खिलाड़ियों की औसत हाइट सभी देशों के मुकाबले सबसे कम है। कोलंबिया इसी बात को भुनाते हुए लंबे पास करता हुआ। मिनट: 2, भारत -0, कोलंबिया 0

-भारत ने पिछले गेम से चार बदलाव किए हैं। धीरज पिछले मैच में शानदार गोलकीपर साबित हुए थे। वहीं दूसरी ओर कोलंबिया ने भी चार ही बदलाव किए हैं। लिएंड्रो भारत के लिए कठिनाई पैदा कर सकते हैं।

दोनों टीमें राष्ट्रगान के लिए मैदान में पहुंच चुकी हैं। पहले कोलंबिया और इसके बाद मेजबान देश भारत का राष्ट्रगान होगा। फिलहाल भारत का राष्ट्रगान शुरू हो चुका है। सभी दर्शक अपनी सीट से खड़े।

-मैदान दर्शकों से भरा पड़ा है। नीले कपड़ों में बैठे फैंस दर्शकों के हाथों में तिरंगा भारतीय खिलाड़ियों के मनोबल को और अधिक बढ़ा रहा है। अब से 10 मिनट में खेल शुरू होने जा रहा है।

-रविवार (8 अक्टूबर) को खेले गए मैच में अमीने गोइरी के शानदार प्रदर्शन के दम पर फ्रांस ने रविवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक्स स्टेडियम में खेले गए अंडर-17 विश्व कप टूर्नामेंट के ग्रुप-ई के पहले मैच में न्यू कैलेडोनिया को 7-1 से मात दी। न्यू कैलेडोनिया ने पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है और अपने पहले ही मैच में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा।

-मैच शुरू होने में 1 घंटे का समय बाकी है। स्टेडियम में फैंस लगातार आते दिख रहे हैं। भारत के मैच को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी कोलंबिया जैसी मजबूत टीम से भिड़ने को तैयार दिख रही है।