भारत की बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा भी उन खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हैं, जिन्होंने अपने करियर के क्षेत्र से इतर जाकर जीवन का हमसफर चुना। ज्वाला ने अप्रैल 2021 में तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने अभिनेता विष्णु विशाल संग शादी की थी।
हालांकि, ज्वाला गुट्टा और उनके अभिनेता पति में कई बातें समान हैं। विष्णु विशाल जैसे पूर्व खिलाड़ी रह चुके हैं, वहीं, ज्वाला गुट्टा भी फिल्म में हाथ आजमा चुकी हैं। दोनों दूसरी बार शादी के बंधन में बंधे हैं। ज्वाला ने 2005 में साथी बैडमिंटन खिलाड़ी चेतन आनंद से शादी की थी। साल 2011 में दोनों का तलाक हो गया। विष्णु विशाल ने 2011 में रजनी नटराजन से शादी की थी। दोनों के आर्यन नाम का एक बेटा भी है।
साल 2018 में दोनों (विष्णु और रजनी) अलग हो गए थे। उसके बाद से विष्णु ने ज्वाला को डेट करना शुरू किया। सितंबर 2020 में विष्णु ने ज्वाला को उनके 37वें जन्मदिन के मौके पर इंगेजमेंट रिंग पहनाकर सब को सरप्राइज कर दिया था। अप्रैल 2021 में विष्णु और ज्वाला शादी के बंधन में बंध गए।
खुद को नास्तिक बताने वालीं ज्वाला बैडमिंटन में जहां 14 बार की नेशनल चैंपियन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 9 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। यही नहीं, बैडमिंटन क्वीन ज्वाला विष्णु के साथ शादी करने से पहले फिल्म में आइटम डांस भी कर चुकी हैं। अप्रैल 2013 में आई तेलुगु फिल्म गुंडे जारी गल्लानतायिंदे (Gunde Jaari Gallanthayyinde) के गाने पर कैमियो किया था। फैंस ने तब अपनी स्टार शटलर का बोल्ड अवतार देखा था।
महाराष्ट्र के वर्धा में 7 सितंबर 1983 को जन्मीं ज्वाला गट्टा हैदराबाद की रहने वाली हैं। उनके पिता क्रांति गुट्टा भारतीय और मां येलन गुट्टा चीनी हैं। ज्वाला की एक छोटी बहन इनसी गुट्टा भी है।
ज्वाला बैडमिंटन की दुनिया में अपने आक्रामक खेल शैली और बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। वह कोर्ट के बाहर भी कई विवादों का हिस्सा रह चुकी हैं। फिर चाहे वह राष्ट्रीय कोच गोपीचंद के साथ हुआ विवाद हो या फिर फेडरेशन से पंगा लेने की बात हो।
वहीं, विष्णु विशाल 15 से ज्यादा हिट फिल्में दे चुके हैं। वह एक्टिंग के साथ फिल्म निर्माता भी हैं। वह अपनी बॉडी को लेकर भी काफी तारीफें बटोरते हैं। एक्टर बनने से पहले विष्णु तमिलनाडु के लिए क्रिकेट खेला करते थे। उस समय वह एमबीए की पढ़ाई भी कर रहे थे।
वह घरेलू क्रिकेट में रविचंद्रन अश्विन और सुब्रमण्यम ब्रदीनाथ जैसे खिलाड़ियों के साथ खेल चुके हैं। उन्होंने तमिलनाडु की ओर से कई लीग मैच में भी हिस्सा लिया है। तब वह रमेश कुडावला के नाम से जाने जाते थे। पैर में लगी चोट ने उनका क्रिकेट करियर खत्म कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक्टर बनने का फैसला किया।