दक्षिण अफ्रीका के एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस को पैरोल पर जेल से रिहा कर दिया गया है। अब वह घर पर है। दक्षिण अफ्रीका के सुधार विभाग ने शुक्रवार 5 जनवरी 2023 को यह जानकारी दी। सुधार विभाग ने पैरालंपिक चैंपियन पिस्टोरियस की रिहाई के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। घोषणा सुबह 8:30 बजे की गई।

पिस्टोरियस के नहीं हैं दोनों पैर

पिस्टोरियस के दोनों पैर नहीं हैं। वह कृत्रिम पैरों के सहारे दौड़ते हैं। पिस्टोरियस ने 2013 में वेलेंटाइन डे के दिन अपनी प्रेमिका और मॉडल रीवा स्टीनकैंप की हत्या कर दी थी। इस अपराध के लिए पिस्टोरियस को 13 साल और 5 महीने की सजा मिली थी। पिस्टोरियस ने इसमें से लगभग नौ साल की सजा काट ली है। पिस्टोरियस को नवंबर 2023 में पैरोल देने को मंजूरी दी गई थी।

दक्षिण अफ्रीका में गंभीर अपराध करने वाले अपनी कम से कम आधी सजा काटने के बाद पैरोल के पात्र होते हैं। सुधार विभाग ने पिस्टोरियस की रिहाई की घोषणा पर कहा, हम ‘यह पुष्टि करने में सक्षम हैं कि ऑस्कर पिस्टोरियस पांच जनवरी 2024 से प्रभावी रूप से पैरोल पर हैं। पिस्टोरियस को सामुदायिक सुधार प्रणाली में रखा गया था और अब वह घर पर हैं।’

सजा पूरी होने तक पैरोल पर रहेंगे पिस्टोरियस

ऑस्कर पिस्टोरियस दिसंबर 2029 में शेष सजा समाप्त होने तक सख्त शर्तों के तहत पैरोल पर रहेंगे। पिस्टोरियस के शुरू में प्रिटोरिया के वाटरक्लूफ में अपने चाचा के घर पर रहने की उम्मीद थी। उनके चाचा के घर के बाहर पुलिस की एक वैन भी खड़ी देखी गई थी।

इन शर्तों के साथ मिली है पैरोल

सुधार विभाग ने इस बात पर जोर दिया है कि पैरोल पर हर दूसरे अपराधी की तरह पैरालंपिक चैंपियन की रिहाई का मतलब यह नहीं है कि उसने अपनी सजा काट ली है। पिस्टोरियस की पैरोल की कुछ शर्तों में घर छोड़ने की अनुमति पर प्रतिबंध, शराब पीने पर प्रतिबंध शामिल है। साथ ही पिस्टोरियस को क्रोध प्रबंधन और महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर कार्यक्रमों में हिस्सा लेना चाहिए। उसे सामुदायिक सेवा करनी होगी।

पिस्टोरियस को अपने घर और सुधारात्मक सेवा कार्यालयों में पैरोल अधिकारियों से भी नियमित रूप से मिलना होगा। इस दौरान अधिकारी कभी भी उसके घर पर आ सकते हैं। पिस्टोरियस को अनुमति के बिना वॉटरक्लूफ छोड़ने की मंजूरी नही हैं। सजा खत्म होने तक पिस्टोरियस के मीडिया से बात करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यदि वह पैरोल की किसी भी शर्त का उल्लंघन करता है तो उसे फिर से जेल भेजा जा सकता है।

सुधार विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका पैरोल पर छूटे अपराधियों को टैग या ब्रेसलेट का इस्तेमाल करने की मंजूरी नहीं देता है, इसलिए पिस्टोरियस कोई निगरानी उपकरण नहीं पहनेंगे। लेकिन विभाग का एक अधिकारी उस पर लगातार नजर रखेगा। उसे अपने जीवन में किसी भी बड़े बदलाव के बारे में अधिकारी को सूचित करना होगा। उदाहरण के तौर पर, क्या वह नौकरी करना चाहता है या दूसरे घर में जाना चाहता है।

कई गोलियां मारकर की थी गर्लफ्रेंड की हत्या

पिस्टोरियस ने 14 फरवरी 2013 को तड़के शौचालय के दरवाजे से कई गोलियां मारकर स्टीनकैंप की हत्या कर दी थी। रीवा स्टीनकैंप के परिवार ने पिस्टोरियस की पैरोल अर्जी का विरोध नहीं किया। हालांकि, रीवा की मां जून स्टीनकैंप ने पैरोल बोर्ड को दिए बयान में कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि पिस्टोरियस का पूरी तरह से पुनर्वास किया गया था। वह अब भी हत्या के बारे में झूठ बोल रहा था।

गर्लफ्रेंड की मां ने नहीं जताई आपत्ति

जून स्टीनकैंप ने 5 जनवरी 2023 को एक बयान में कहा कि उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी कानून के तहत पिस्टोरियस की पैरोल अर्जी पर आपत्ति नहीं है।जून स्टीनकैंप ने कहा, ‘क्या रीवा को न्याय मिला है? क्या ऑस्कर ने पर्याप्त समय जेल में बिताया है? यदि आपका प्रियजन कभी लौट नहीं रहा है तो कभी भी न्याय नहीं हो सकता है, कितना भी समय जेल में बीते पर रीवा वापस नहीं आएगी।’

उन्होंने कहा, ‘हम जो पीछे रह गए हैं वे आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। ऑस्कर पिस्टोरियस की पैरोल पर रिहाई के साथ, मेरी एकमात्र इच्छा यह है कि मुझे रीवा की विरासत को जारी रखने के लिए रीवा रेबेका स्टीनकैंप फाउंडेशन पर अपना ध्यान केंद्रित करना है। मुझे उम्मीद है कि जीवन के अंतिम वर्षों में मैं शांति से जी पाऊंगी।’