न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स ने देश के लिए टी20 में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बना दिया है। उनकी शतकीय पारी की मदद से न्यूजीलैंड ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 72 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। फिलिप्स ने 51 गेंद पर 108 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और आठ छक्के लगाए। न्यूजीलैंड ने पहला टी20 पांच विकेट से अपने नाम किया था।

वेस्टइंडीज ने माउंट माउनगुई में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड के ओपनर मार्टिन गुप्टिल और टिम साइफर्ट ने 5.4 ओवर में 49 रनों की साझेदारी की। साइफर्ट 13 गेंद पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। चार रन बाद गुप्टिल भी चलते बने। उन्होंने 23 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 34 रन बनाए। दो विकेट गिरने के बाद डेवोन कॉनवे और ग्लेन फिलिप्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 184 रनों की साझेदारी की। न्यूजीलैंड के मैदान पर टी20 में किसी भी विकेट के लिए ये सबसे बड़ी साझेदारी है।

ग्लेन फिलिप्स ने 46 गेद पर ही शतक ठोक दिया। फिलिप्स से पहले यह रिकॉर्ड कॉलिन मुनरो के नाम दर्ज था। मुनरो ने इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 2018 में 47 गेंद पर शतक लगाया था। कॉनवे ने टी20 इंटरनेशल में अपना पहला अर्धशतक लगाया। वे 37 गेंद पर 65 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए। वेस्टइंडीज के लिए ओशेन थॉमस, कीरोन पोलार्ड और फैबियन ऐलेन ने 1-1 विकेट लिए। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 238 रन बनाए।

239 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 166 रन ही बना सकी। उसके लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान पोलार्ड ने बनाए। उन्होंने 15 गेंद पर 28 रनों की पारी खेली। इस दौरान 4 लंबे छक्के लगाए। कीमो पॉल ने 26, शिमरॉन हेटमायर ने 25, आंद्रे फ्लेचर और कायेल मेयर्स ने 20-20 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए मिशेल सैंटनर और कायेल जेमिसन ने 2-2 विकेट लिए। लॉकी फर्गुसन ने 4 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिए। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी और तीसरा मैच 30 नवंबर को खेला जाएगा।