क्या आपको पता है कि भारतीय टीम के स्टार स्पिनर हरभजन सिंह ना सिर्फ क्रिकेट बल्कि एक और खेल के महारथी हैं। जी हां, इस खेल का नाम है ‘गिल्ली-डंडा’। यूं तो इस खेल को प्राचीन समय का क्रिकेट भी कहा जाता है और यह आज के दौर में भी देश में जगह-जगह पर खेला जाता है।

आईपीएल-10 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हरभजन सिंह हाल ही में कोलकाता नाइडराइडर्स पर जीत के बाद मुंबई के एक पार्क में लसिथ मलिंगा, मिचेल मैक्कलेनघन और हार्दिक पांड्या के साथ गिल्ली-डंडा खेलते नजर आए। इस तस्वीर को खुद मीडियम पेसर हार्दिक पांड्या ने शेयर किया है। साथ ही हरभजन सिंह ने भी एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो इस प्राचीन खेल में अपने स्किल दिखाते हुए गिल्ली को पार्क से बाहर पहुंचा देते हैं। 36 साल के इस खिलाड़ी का कहना है कि गिल्ली-डंडा को वह बचपन से खेलते आ रहे हैं। इस खेल को वह बेहद पसंद करते हैं। वह खाली समय निकालकर इसमें अपने हाथ आजमाने से कभी नहीं चूकते। गिल्ली को सटीकता से हिट करने की कला खेल में उनकी दक्षता को प्रदर्शित करती है।


गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद नीतीश राणा (45) और क्रुणाल पांड्या (37) की शानदार पारियों के दम पर मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद को चार विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 158 रन ही बना सकी थी। मुंबई ने इस लक्ष्य का आठ गेंद शेष रहते हुए छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को हालांकि मनमाफिक शुरुआत नहीं मिली। उसके सलामी बल्लेबाज जोस बटलर (14) 28 के कुल स्कोर पर अशीष नेहरा की गेंद पर बोल्ड हो गए। कप्तान रोहित शर्मा (4) 41 के कुल स्कोर पर अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए। मुंबई की इस जीत में एक बार फिर नीतीश का अहम योगदान रहा। उन्होंने 36 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से मैच जीताऊ पारी खेली। उनके अलावा क्रुणाल ने अंत में तेजी से 20 गेंदों में तीन चौके और इतने की छक्के लगाकर टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया।