लीजेंड्स लीग क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में इंडिया कैपिटल्स का सामना गुजरात जायंट्स से है। सूरत में खेले जा रहे मुकाबले में गौतम गंभीर की कप्तानी वाली इंडिया कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात को 224 रन का लक्ष्य दिया है। गंभीर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 30 गेंद में 51 रन ठोक दिए। गंभीर ने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का लगाया। गौतम गंभीर सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि आंखों से भी आक्रामक नजर आए।

गंभीर ने श्रीसंत की कर दी पिटाई

दरअसल, मैच के दौरान गौतम गंभीर और एस श्रीसंत के बीच गहमागहमी होते-होते रह गई। घटना दूसरे ओवर की है, जब गंभीर स्ट्राइक पर थे और श्रीसंत अपना पहला ओवर लेकर आए थे। गंभीर ने श्रीसंत के ओवर की पहली ही गेंद पर ऐसा करार छक्का मारा कि हर कोई देखता रह गया। मिड ऑन के उपर से गंभीर का यह शॉट बाउंड्री पार जाकर गिरा। इसके बाद अगली गेंद पर गंभीर ने नजाकत भरा शॉट खेलते हुए सामने की तरफ चौका लगाया। एक छक्का और एक चौका खाने के बाद श्रीसंत आपा खो बैठे।

गंभीर और श्रीसंत के बीच क्या हुआ?

ओवर की तीसरी गेंद डॉट रही और फिर चौथी गेंद पर भी कोई रन नहीं आया। चौथी गेंद जैसे ही डॉट हुई तो श्रीसंत ने गंभीर की तरफ घूरकर देखा। गौतम गंभीर ने भी तुरंत इसका जवाब दिया। दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई, लेकिन बात ज्यादा आगे नहीं बड़ी। गंभीर ने इसके बाद अपनी पारी को विस्फोटक अंदाज में ही आगे बढ़ाया। गंभीर ने 30 गेंद में 51 रन ठोक दिए। इस दौरान केविन पीटरसन ने 15 गेंद में 26 रन की आतिशी पारी खेली।

आक्रामकता के लिए चर्चित रहे हैं गंभीर और श्रीसंत

गौतम गंभीर और एस श्रीसंत दोनों ही अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान अपनी आक्रामकता के लिए जाने जाते थे। श्रीसंत ने साउथ अफ्रीका में टेस्ट मैच में आंद्रे नेल पर छक्का मारने के बाद जो डांस किया था वो हर किसी को याद है। श्रीसंत का आईपीएल में हरभजन सिंह से भी पंगा हुआ था। वहीं गौतम गंभीर इंटरनेशनल मैच में कई बार पाकिस्तानी खिलाड़ियों से लड़े हैं। कामरान अकमल और शाहिद अफरीदी से उनकी लड़ाई फेमस है।