भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को मैदान पर उनके अग्रेशन को लेकर जाना जाता है। वह बेबाकी से अपनी राय भी आगे रखते हैं। कई फैंस का मानना है कि गंभीर भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को नापसंद करते हैं। गंभीर के कोच संजय भारद्वाज ने इसकी सच्चाई बताई।
गौतम गंभीर किसी को नहीं करते नापसंद
संजय भारद्वाज ने रोनक पॉडकास्ट पर कहा कि लोगों को ऐसा लगता है कि गंभीर कोहली और धोनी को पसंद नहीं करते हैं लेकिन यह सच नहीं है। उन्होंने कहा, ‘गौतम ने कभी किसी को नापसंद नहीं किया। यह एक सच है। लोगों का कहना है कि गंभीर को धोनी पसंद नहीं हैं। यहां तक विराट कोहली को लेकर भी ऐसा कहा जाता है। गौतम गंभीर किसी को नापसंद नहीं करते। वह केवल कुछ कामों को पसंद और नापसंद करते हैं। गौतम गंभीर को किसी से कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है।’
नवीन उल हक के विवाद के बाद गंभीर ने क्या कहा
नवीन उल हक के कारण गंभीर और कोहली के बीच झगड़ा हुआ था। आईपीएल में जब लखनऊ सुपर जायंट्स के नवीन और कोहली भिड़े तो गंभीर बीच में आए थे। गंभीर टीम के मेंटॉर थे। संजय ने बताया कि इस विवाद के बाद गंभीर की उनसे बात हुई थी। उन्होंने कहा, ‘हमने इसके बारे में बात की है। वह कहता है कि सर, आप जानते हैं, है ना? क्या मैंने कभी कुछ किया है? कभी किसी के बारे में कुछ कहा? कभी नहीं। यहां तक कि इस मामले में विराट कोहली भी. वह केवल टीम के लिए लड़ते हैं। उदाहरण के तौर पर अगर नवीन को कोई कुछ भी कहता है तो गौतम के लिए ये मायने नहीं रखता कि वो कोहली हैं या कोई और।’
संजय ने आगे कहा, ‘गंभीर को लगता है कि नवीन टीम के खिलाड़ी हैं। गौतम गंभीर ने एक सीनियर और परिवार होने नाते आगे आने का फैसला किया। वह अपनी टीम को परिवार मानते हैं। वह ऐसा सोचता है कि जो भी उसकी टीम के खिलाफ जाते हैं वह उसके खिलाड़ी खड़े हो जाएंगे। उसके सारे विवाद मैदान पर ही होते हैं और वहीं खत्म हो जाते हैं। उससे बाहर नहीं जाते।