क्रिकेटर्स भी आखिर इंसान ही होते हैं। वे भी मस्ती करते हैं और मौका पाने पर जमकर उन पर खिलखिलाते हैं। हम आपको कुछ ऐसे ही किस्सों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपको चौंका देंगे…
एश-ट्रे समझ बातों-बातों में डुबोया था सिगारः 2009 में आर अश्विन चिन्नास्वामी स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम में थे। उन दिनों वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे थे। वह टीम इंडिया में एंट्री चाहते थे। एक बार सेलेक्टर के.श्रीकांत उन्हें टीम में जगह बनाने के लिए टिप्स दे रहे थे। अश्विन इस दौरान कटोरी में सांभर लिए थे और श्रीकांत सिगार पी रहे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अश्विन की कटोरी में सिगार डाल दिया। वह समझ नहीं पाए कि वह एश ट्रे नहीं बल्कि सांभर की कटोरी थी।
माही के कमरे के बाहर से खिसकाया करते थे पर्चियांः अजिक्य रहाणे के लिए महेंद्र सिंह धोनी कितना मायने रखते हैं, यह बात उनकी चिट्स (कागज की पर्चियां) बताती हैं। कॉमेडी शो में उन्होंने बताया कि धोनी उनके लिए कितना मायने रखते हैं। एक समय था जब वह माही के कमरे के दरवाजे के नीचे से पर्चियां खिसका कर उन्हें मदद करने के लिए शुक्रिया कहा करते थे।
केएल राहुल की मदद को द्वविड़ रहते थे हर वक्त तैयारः केएल राहुल अपने साथ दूसरे राहुल से हुई मुलाकात के बारे में जिक्र करते हैं। यहां वे राहुल द्रविड़ की बात कर रहे होते हैं। बताते हैं कि कैसे द्रविड़ उनकी मदद के लिए हर वक्त तैयार रहते थे। द्रविड़ ने उनके लिए पैमाना तय किया और बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट में एंट्री पाने के लिए किस स्तर का समर्पण चाहिए।
अनिल कुंबले ने चेतेश्वर पुजारा को दिखाया सही रास्ताः चेतेश्वर पुजारा आज क्रिकेट की दुनिया में जो कुछ भी हैं, उसके लिए वह टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले को जिम्मेदार मानते हैं। कुंबले ही वह शख्स थे, जिसने पुजारा को उनका सही फॉर्म तलाशने में मदद की और वक्त-वक्त पर सही सलाह दी। उन्होंने बताया कि टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले ने उन्हें सलाह दी और कैसे उन्हें फॉर्म तलाशने में मदद की। पुजारा ने उस शब्द की चर्चा भी की, जिससे वह आज अंतराष्ट्रीय क्रिकेट के शिखर पर हैं।
होटल में पार्थिव के कमरे के बाहर सजता था गुजराती बफेः शो से जुड़ी हुई वीडियो क्लिप में इनके अलावा कई और खिलाड़ी भी नजर आते हैं। उन्हीं में से अगला नाम पार्थिव पटेल का है। वह होस्ट को बताते हैं कि मैच खेलने के लिए जब वह कहीं जाते थे और होटल में ठहरते थे, तो बड़ा अजीब वाकया उनके साथ होता था। अक्सर पार्थिव के कमरे के बाहर गुजराती बफे सजाया जाता था, जिसमें फाफड़ा-थेपला वगैरह खाने का सामान होता था।
…तो शिखर की कड़कदार मूंछों का यह है राजः अगली बारी आती है टीम इंडिया के गब्बर की। यानी शिखर धवन की। मैदान में शिखर की बल्लेबाजी के जितने चर्चे होते हैं, उतने ही उनकी रौबीली मूंछों के बारे में भी बातें होती हैं। शो में होस्ट इस बारे में भी उनसे सवाल करता है। वह शिखर से पूछता है कि वह अपनी मूंछों के लिए कौन सा जेल लगाते हैं। जवाब में वह अपना थूक इस्तेमाल करने की बात कहते हैं।
