एशियन चैंपियनशिप में भारत के लिए कांस्य पदक जीत चुके इकबाल सिंह को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने खुद ही अनपी पत्नी और मां की हत्या करने का गुनाह कबूल किया है। इकबाल सिंह ने पेंसिल्वेनिया में डेलावेयर काउंटी की पुलिस को फोन किया और अपना अपराध स्वीकार किया।
पुलिस जब न्यूटाउन टाउनशिप स्थित इकबाल सिंह के घर पहुंची, तो उन्होंने पूर्व एथलीट को खून से लथपथ पाया। इकबाल सिंह के शरीर पर भी चोट के निशान थे। इकबाल ने खुद को घायल किया है। वहीं, दूसरे कमरे में दो महिलाओं के शव पड़े थे। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है, इकबाल सिंह पर फर्स्ट और थर्ड डिग्री मर्डर का आरोप लगा है। अदालत ने रिकॉर्ड और आरोपों की प्रकृति को देखते हुए जमानत से इनकार कर दिया। अदालत ने इकबाल को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, इकबाल ने अपना पक्ष रखने के लिए कोई वकील भी नहीं किया था।
इकबाल ने 1983 के एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शॉट पुट में कांस्य पदक जीता था। वह प्रतियोगिता कुवैत में हुई थी। इकबाल के खेल करियर की वह सबसे बड़ी उपलब्धि थी। इसके बाद वह अमेरिका जाकर बस गए थे। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि वह टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे। एनबीसी न्यूज ने बताया, इकबाल सिंह को इलाज के लिए क्षेत्र के अस्पताल में ले जाया गया, जहां वे पुलिस हिरासत में हैं।
पुलिस ने रॉकवुड रोड स्थित इकबाल के घर की पहली मंजिल से उनकी मां नसीब कौर का शव बरामद किया। उनका गला कटा हुआ था। सीढ़ियों पर इकबाल की पत्नी जसपाल कौर का शव पड़ा था। उनका भी गला कटा था। पुलिस को अब तक यह पता नहीं चला है कि इकबाल ने मां और पत्नी की हत्या क्यों की। शुरुआती जांच में पुलिस को इकबाल सिंह का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिर उसने इतना जघन्य अपराध कैसे और क्यों किया, यह पुलिस के लिए अभी रहस्य ही बना हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, इकबाल सिंह ने मां और पत्नी की हत्या करने के बाद अपने बेटे को फोन किया। उन्होंने कहा, मैंने दोनों को मार डाला। मैंने तुम्हारी मां और दादी को मार डाला। मुझे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को बुलाओ। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी से बात की। बेटी अपने भाई के साथ ही थी। इकबाल ने बेटी से भी वही बात कही।
