एफसी पुणे सिटी ने 30वें मिनट में आदिल खान द्वारा किए गए गोल के दम पर रविवार को जमशेदपुर एफसी को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में शिकस्त दी। अभी तक आईएसएल की नई टीम जमशेदपुर ने एक भी मैच नहीं हारी थी। उसके हिस्से इस मैच से पहले चार मैचों में तीन ड्रॉ और एक जीत थी। यह उसकी पहली हार है। साथ ही उसने इस सीजन में रविवार को अपना पहला गोल खाया। इससे पहले कोई भी टीम जमशेदपुर एफसी के खिलाफ गोल नहीं कर पाई थी।
लीग में यह जमशेदपुर की पहली हार और पुणे की तीसरी जीत है। इस जीत से तीन अंक लेकर पुणे ने अपना अंक नौ कर लिया है, लेकिन वह 10 टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर ही बनी हुई है। बेंगलुरु एफसी, एफसी गोवा, चेन्नयन एफसी के नौ-नौ अंक है लेकिन यह सभी गोल अंतर के मामले में पुणे से आगे हैं।
मैच की शुरुआत काफी धीमी हुई और दोनों टीमों में आक्रामकता की कमी देखी गई। 16वें मिनट में जमशेदपुर गोल करने के काफी करीब आई, लेकिन पुणे के गोलकीपर विशाल कैथ ने मेजबानों को गोल करने से रोक दिया। बिकास जाइरू ने सिद्धार्थ सिंह के बाएं ओर से दिए गए पास को लिया और दाहिने कोने से बॉक्स में घुस गए। उन्होंने पुणे के डिफेंडरों को पछाड़ते हुए गोलपोस्ट पर निशाना साधा जिसके बीच पुणे के गोलकीपर आ गए। यहां से मैच में थोड़ी तेजी देखने को मिली और दोनों टीमें एक दूसरे पर हावी होने का प्रयास करने लगीं, लेकिन सफलता पुणे के हाथ लगी। 16वें मिनट में पुणे से स्टार खिलाड़ी मार्सेलिन्हो ने बॉक्स के अंदर शानदार क्रॉस पास दिया जिसे आदिल ने नेट में डाल पुणे को एक गोल से आगे कर दिया।
यह इस लीग में जमशेदपुर द्वारा खाया गया पहला गोल है। जमशेदुपर ने भी गोल की कोशिश की जो 44 मिनट में लगभग सफल हो गई थी, लेकिन किस्मत आज मेजबानों के साथ नहीं थी। इडु अजुका ने शौविक घोष के शानदार पास पर हेडर के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया था। वह इसका जश्न मनाने ही वाले थे कि लाइनमैन ने झंडी उठाकर इसे ऑफ साइड करार दे दिया। यहां जमशेदपुर की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। पहले हाफ में एक गोल की बढ़त के साथ गई पुणे दूसरे हाफ में बेहद आत्मविश्वास के साथ उतरी। उसने आते ही मेजबानों पर दबाव बनाना शुरू किया। इसी बीच 47वें मिनट में वह गोल करने के बेहद करीब पहुंची।
इमिलियानो अल्फारो ने कार्लोस को गेंद दी। कार्लोस के पास से गेंद मार्सेलो के पास पहुंची जिसे वह सही तरीके से नियंत्रण में नहीं ले पाए, गेंद इसाक के पास पहुंची जिनका शॉट बाहर चला गया। जमशेदपुर की टीम गोल करने की कोशिश में तो लगी रही, लेकिन वह पुणे के बॉक्स में ज्यादा नजर नहीं आई और गेंद पर अपनी पकड़ बनाने के लिए इधर उधर फिरती रही। इसी बीच पुणे, जमशेदपुर के धीमे खेल से खुश थी। उसकी कोशिश बस समय बर्बाद करने की थी।
मैच खत्म होने के कुछ देर पहले 88वें मिनट में जमशेदपुर को शानदार मौका मिला जिसे विशाल ने एक बार फिर नकार दिया। 79वें मिनट में शौविक घोष की जगह आए फारूक चौधरी ने मेमो को क्रॉस दिया, मेमो ने कोशिश पूरी लेकिन विशाल दीवार बन गए। आखिरी मिनट में मेजबान टीम को कॉर्नर मिला जिसे उसने जाया कर दिया और अपनी पहली हार का मुंह देखा।
[football-scorecard-to-post league=”india_sl” id=19983]
