भले ही सारी दुनिया अभी कोविड-19 महामारी से जूझ रही है लेकिन कोरोना वायरस के गढ़ वुहान में खेल गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। वुहान में अब जनजीवन सामान्य होता जा रहा है। लंबे समय के बाद चीन के वुहान में खेल की गतिविधियां फिर से शुरू हो रही हैं। बाजारों की रौनक बढ़ने के साथ-साथ खेल के मैदानों में भी अब चहल-पहल दिखने लगी है।
जी हां, लगभग तीन महीने तक घरों में कैद रहने वाले फुटबालर भी मैदान पर उतरने लग गये हैं। वुहान की आबादी एक करोड़ दस लाख है और यहां लगभग तीन महीने तक लॉकडाउन रहा जो अप्रैल में जाकर समाप्त हुआ। इसके बाद अब एमेच्योर फुटबालरों ने भी अपनी खेल गतिविधियां शुरू कर दी हैं।
एमेच्योर फुटबालर वांग जीजुन ने कहा, ”हमें लंबे समय तक लॉकडाउन में रहना पड़ा जहां हम कुछ कसरत ही कर सकते थे। मैं घर के अंदर ही अपने बेटे के साथ फुटबाल खेलता था। हम एक दूसरे को गेंद देते थे। कई बार गैराज में जाकर व्यायाम कर लेते थे।”
दूधिया रोशनी में फुटबाल का अभ्यास करने वाले एक अन्य खिलाड़ी ने कहा कि दोस्तों और टीम के साथियों के साथ फिर फुटबाल खेलना सुखद अहसास है। उन्होंने मास्क लगाये बिना ऐसा किया हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे थे जिनकी गर्दन पर मास्क लटक रहा था। वेन नाम के एक खिलाड़ी ने कहा, ”लॉकडाउन से पहले सभी बेहद परेशान थे। लॉकडाउन हटने के बाद हमने सप्ताह में एक बार अभ्यास शुरू कर दिया है। मैं बहुत खुश हूं।”
गौरतलब है कि इस जानलेवा महामारी की चपेट में कई पेशेवर फुटबालर भी आ चुके हैं। हालांकि अब फिर से हालात सामान्य हो रहे हैं और एथलीट अपना जोश दिखाने के लिए तैयार हैं। चीनी महिला टीम की स्टार खिलाड़ी और वुहान की निवासी वांग शुआंग ने भी फिर से अभ्यास शुरू कर दिया है। वह तोक्यो ओलंपिक के लिये टीम में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है।
चीनी सुपर लीग की टीम वुहान जॉल और तीसरे स्तर की टीम वुहान थ्री टाउन्स दोनों शहर लौट आयी हैं। महामारी फैलने के कारण उन्हें दूसरे स्थानों पर जाकर अभ्यास करना पड़ा था। चीनी सुपर लीग का सत्र 22 फरवरी से शुरू होना था लेकिन इसे अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया था। चीन में तो इस वायरस से खतरा कम हो गया है लेकिन अमेरिका, रूस, इटली, स्पेन, ब्राजील, पाकिस्तान और भारत में कोविड-19 तेजी से पैर पसारे हुए हैं।
