विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने इंस्टाग्राम पर अपनी ताजा तस्वीर पोस्ट की है। उनकी यह तस्वीर थोड़ी देर में वायरल हो गई। उनकी तस्वीर देख फैंस हैरान हैं। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस कुछ दिन पहले ही मां बनीं हैं। दरअसल, तस्वीर में अनुष्का इतनी फिट नजर आ रही हैं कि सोशल मीडिया यूजर्स सोच रहे हैं कि प्रेग्नेंसी के बाद अनुष्का शर्मा आखिरी इतनी जल्दी इतनी फिट कैसे हो सकती हैं।

अनुष्का की तस्वीर को तीन घंटे के भीतर ही 20 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके थे, जबकि आठ हजार के करीब कमेंट आ चुके थे। अनुष्का ने तस्वीर के कैप्शन में बताया है कि वह इन दिनों कैसे कपड़े पहन रही हैं? उनकी प्राथमिकताएं क्या हैं? अनुष्का के तस्वीर के कैप्शन में लिखा, करेंट फेवरेट एक्सेसरी (ताजा पसंदीदा अतिरिक्त वस्तु)- बर्प क्लोद (बच्चों को गोद लेने के दौरान कंधे पर रखा जाने वाला कपड़ा)!’ तस्वीर में अनुष्का ने ब्लैक-व्हाइट कलर के कॉम्बिनेशन वाला टॉप और इसी रंग का जैगिंग पहना हुआ है।

तस्वीर में बेटी को जन्म देने के बाद वो पूरी तरह से फिट नजर आ रही हैं। बस फिर क्या था फैंस ने उनसे सवाल करने शुरू कर दिए। किसी ने पूछा, ‘आप प्रेग्नेंट हुईं थीं।’ किसी ने सवाल किया, ‘क्या आप एक बेटी की मां हैं।’ एक यूजर ने लिखा, ‘OMG आप इतनी जल्दी इतनी फिट कैसे हो गईं। मैं कभी ऐसा नहीं कर सकती।’ कुछ लोगों ने अनुष्का से वामिका की कुछ और तस्वीरें भी शेयर करने की मांग की।

अनुष्का ने 11 जनवरी 2021 को बेटी को जन्म दिया था। उन्होंने एक फरवरी 2021 को पति विराट कोहली के साथ बेटी की पहली तस्वीर शेयर की थी। अनुष्का और विराट ने अपनी नन्हीं परी का नाम वामिका रखा है। उस पोस्ट के कैप्श्न में अनुष्का ने लिखा था, ‘हमने प्यार, आभार के साथ अपनी जिंदगी जीत ली है, लेकिन नन्हीं वमिका ने इसे एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया है।’

अनुष्का ने आगे लिखा था, ‘आंसू, हंसी, खुशी, चिंता.. कभी-कभी ये भावनाएं कुछ ही मिनटों के अंदर महसूस होती हैं। नींद उड़ जाती है, लेकिन हमारा दिल भरा है। शुभकामनाओं, प्रार्थना और एनर्जी के लिए आपका सभी का शुक्रिया।’ अनुष्का की पोस्ट पर कोहली ने कमेंट करते हुए लिखा था, ‘मेरी पूरी दुनिया एक फ्रेम में।’

विराट कोहली ने 11 जनवरी को सोशल मीडिया के जरिए खुद के पिता बनने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था, ‘हम दोनों को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज (सोमवार को) दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। आपके प्यार और मंगल कामनाओं के लिए दिल से आभारी हैं। अनुष्का और हमारी बेटी दोनों बिल्कुल ठीक हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें जिंदगी का यह चैप्टर अनुभव करने का मौका मिला। हम जानते हैं कि आप यह जरूर समझेंगे कि इस समय हम सबको थोड़ी प्राइवेसी चाहिए होगी।’