Asia Cup 2018 Final, India vs Bangladesh Match Highlights: भारत ने एशिया कप-2018 के फाइनल मैच में 28 सितंबर को बांग्लादेश को 3 विकेट से हरा खिताब अपने नाम कर लिया। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश 48.3 ओवर में 222 रन पर सिमट गया। टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज की। बता दें कि पहली पारी में बांग्लादेश की शुरुआत शानदार रही और लिटन दास-मेहदी हसन के बीच पहले विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी हुई। ये एशिया कप के इतिहास में फाइनल मैच के दौरान दूसरी शतकीय साझेदारी रही। लिटन दास ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला शतक ठोका। उन्होंने 117 गेंदों में 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 121 रन की शानदार पारी खेली। वहीं हसन 59 गेंदों में 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
हसन के जाने के बाद इमरूल कायस (2), मुशफिकुर रहीम (5), मोहम्मद मिथुन (2) और महमुदुल्लाह (4) भी जल्द चलते बने। आलम ये रहा कि बांग्लादेश 151 रन तक अपने 5 विकेट खो चुका था। हालांकि सौम्य सरकार ने 33 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन टीम 222 रन से ज्यादा नहीं बना सकी। बांग्लादेश की ओर से 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी ना छू सके। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा केदार जाधव को 2, जबकि जसप्रीत बुमराह-युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता हाथ लगी।
टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया को शिखर धवन के रूप में पहला झटका लगा। धवन 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं अंबाती रायडू (2) भी कुछ खास नहीं कर सके। हालांकि कप्तान रोहित शर्मा ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन 48 रन से ज्यादा का योगदान नहीं दे सके। महेंद्र सिंह धोनी (36) और दिनेश कार्तिक (37) के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हुई, जिसने टीम को कुछ हद तक संभाला। केदार जाधव 19 रन बना चुके थे, लेकिन पैर में दिक्कत के चलते उन्हें लौटना पड़ा। रवींद्र जडेजा (23) यहां से भारत को जीत के करीब ले गए। वह जब आउट हुए, तो एक बार फिर जाधव मैदान पर आए।
मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर आ चुका था और भारत को 11 गेंदों में 9 रन की दरकार थी। मैच आखिरी ओवर तक गया और फैंस की सांसें अटकी रहीं। केदार जाधव (नाबाद 23) ने कुलदीप यादव (नाबाद 5) के साथ मिलकर मैच की आखिरी गेंद पर भारत को जीत दिलाई। बांग्लादेश की ओर से रूबेल हुसैन और मुस्तफिजुर रहमान को 2-2 सफलता हाथ लगी। उनके अलावा नजमुल इस्लाम, मशरफे मुर्तजा और महमुदुल्लाह को 1-1 विकेट मिला।
India vs Bangladesh Asia Cup 2018 Final Cricket Score: Watch Ind vs Ban


लिटन दास अगर 121 रनों की पारी नहीं खेलते तो बांग्लादेश का 200 पार जाना भी मुश्किल था। यह दास का पहला शतक था और इसी के दम पर बांग्लादेश बचाव करने लायक स्कोर तक पहुंच सकी। उन्हें इसी पारी के कारण मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।
भारत ने इससे पहले 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010 और 2016 में एशिया कप का खिताब जीता था। वहीं बांग्लादेश तीसरी बार भी फाइनल में पहुंच कर खिताब से महरूम रह गया। 2016 में खेले गए पिछले संस्करण में भी भारत ने बांग्लादेश को ही मात देकर ट्रॉफी उठाई थी।
टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर मैच 3 विकेट से अपने नाम कर लिया है।
टीम इंडिया को 47.1 ओवर में रवींद्र जडेजा के रूप में छठा झटका लगा। मैदान पर एक बार फिर जाधव आ चुके हैं। भारत- 214/6 (48)
मुर्तजा अपने आखिरी ओवर में। पहली बॉल डॉट। दूसरी गेंद पर जडेजा ने सिंगल लिया। अगली डिलीवरी वाइड। इस ओवर से कुल 4 रन। भारत- 191/5 (44)
टीम इंडिया ने 40 ओवर के खेल तक 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया 4.3 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है। भारत को जीत के लिए 51 रन की दरकार।
मशरफे मुर्तजा के 8वें ओवर की आखिरी बॉल पर जडेजा ने चौका लगाया। भारत को 15 गेंद बाद बाउंड्री नसीब हई है। टीम इंडिया को 56 रन की दरकार। भारत- 167/5 (38)
टीम इंडिया ने 36 ओवर के खेल तक 4 विकेट के नुकसान पर 160 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक 17, जबकि धोनी 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। टीम इंडिया 4.44 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है। भारत को जीत के लिए 63 रन की दरकार।
नजमुल इस्लाम अपने आठवें ओवर में। पहली तीन गेंदों पर एक-एक रन के लिए दौड़। चौथी बॉल डॉट। पांचवीं गेंद को केदार ने स्क्वायर लेग की दिशा में खेला। इस ओवर से कुल 5 रन। भारत- 152/4 (34)
टीम इंडिया को 30.4 ओवर में चौथा झटका लग चुका है। दिनेश कार्तिक महमुदुल्लाह की गेंद पर पगबाधा आउट। क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए केदार जाधव आ चुके हैं। लास्ट गेंद पर केदार ने डबल लेकर खाता खोला। भारत- 139/4 (31)
धोनी-कार्तिक के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। दिनेश कार्तिक 37, जबकि महेंद्र सिंह धोनी 28 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत- 134/3 (29)
भारत ने 26 ओवर के खेल तक 3 विकेट के नुकसान पर 120 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक 29, जबकि धोनी 23 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। टीम इंडिया 4.62 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है। भारत को जीत के लिए 103 रन की दरकार।
नजमुल इस्लाम अपने पांचवें ओवर में। पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं। तीसरी बॉल पर धोनी ने सिंगल निकाला। लास्ट तीन गेंदें डॉट। भारत- 99/3 (23)
भारत ने 20 ओवर के खेल तक 3 विकेट के नुकसान पर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक 19, जबकि धोनी 3 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। टीम इंडिया 4.5 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है।
रूबेल हुसैन चौथा ओवर डालते हुए। पहली तीन गेंदों पर कोई रन नहीं। अगली बॉल पर रोहित शर्मा कैच आउट। रोहित अपने अर्धशतक से महज 2 रन से चूके। इस ओवर से कोई रन नहीं। भारत- 83/3 (17)
मुर्तजा को उनका पांचवां ओवर सौंपा गया है। पहली दो बॉल पर कोई रन नहीं। तीसरी और चौथी गेंद पर एक-एक रन के लिए दौड़। इस ओवर से कुल 4 रन। भारत- 83/2 (16)
रूबेल हुसैन अपने दूसरे ओवर में। पहली बॉल डॉट। अगली तीन गेंदों पर एक-एक रन के लिए दौड़। पांचवीं बॉल डॉट। इस ओवर से कुल 4 रन। भारत- 67/2 (13)
भारत ने 10 ओवर के खेल तक 2 विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 36, जबकि दिनेश कार्तिक 3 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। टीम इंडिया 5.7 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है।
टीम इंडिया को 7.3 ओवर में दूसरा झटका लगा। अंबाती महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मैदान पर दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी के लिए आ चुके हैं। मैच में बांग्लादेश ने वापसी कर ली है। भारत- 48/2 (8)
भारत को 4.4 ओवर में पहला झटका लगा। नजमुल इस्लाम की गेंद पर धवन अपना कैच सौम्य सरकार को दे बैठे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अंबाती रायडू आ चुके हैं। भारत- 35/1 (5)
मेहदी हसन अपने दूसरे ओवर में। पहली दो गेंदें डॉट। अगली बॉल पर रोहित ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में चौका लगाया। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं। पांचवीं बॉल पर सिंगल। इस ओवर से कुल 5 रन। भारत- 17/0 (3)
भारत की ओर से रोहित शर्मा और शिखर धवन सलामी जोड़ी के रूप में मैदान पर आ चुके हैं। गेंद मेहदी हसन के हाथों में। पहली गेंद पर रोहित ने सिंगल के साथ टीम का खाता खोला। अगली बॉल पर धवन का चौका। तीसरी गेंद पर सिंगल। स्ट्राइक धवन के पास। चौथी बॉल पर रोहित ने बाउंड्री जड़ी। भारत- 10/0 (1)
पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेट फैन बशीर चाच उर्फ चाचा शिकागो अब भारतीय जर्सी पहनकर तिरंगा झंडा लहराते दिखाई दिए। पूरी खबर के लिए यहां क्लिक करें...
बांग्लादेश के लिए लिटन दास ने सबसे ज्यादा 121 रन बनाए। उनके अलावा कोई और बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और टीम 48.3 ओवरों में 222 रनों पर ही ढेर हो गई। दास ने अपनी शतकीय पारी में 117 गेंदों का सामना किया और 12 चौकों के अलावा दो छक्के लगाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। केदार जाधव को दो सफलताएं मिलीं जबकि जसप्रीत बुमराह तथा युजवेंद्र चहल को एक-एक विकेट मिला।
भारत ने 2016 में बांगलादेश को हराकर ही टूर्नामेंट अपने नाम किया था और एक बार फिर यह दोनों आमने-सामने हैं। भारत की नजरें सातवीं बार खिताब जीतने पर हैं।
जसप्रीत बुमराह के नौवें ओवर में बांग्लादेश को दो झटके लगे। भारत को जीत के लिए 223 रन की दरकार।
जसप्रीत बुमराह अपने आठवें ओवर में। पहली ही डिलीवरी वाइड। अगली गेंद पर इस्लाम ने सिंगल निकाला। चौथी बॉल पर नजमुल इस्लाम रन आउट। इसी के साथ बांग्लादेश को आठवीं सफलता। बांग्लादेश- 213/8 (47)
बांग्लादेश ने 43 ओवर के खेल तक 7 विकेट के नुकसान पर 197 रन बना लिए हैं। फिलहाल नजमुल इस्लाम 0, जबकि सौम्य सरकार 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश की टीम फिलहाल 4.56 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है।
बुमराह अपने पांचवें ओवर में। पहली पांच गेंदों पर कोई रन नहीं। लास्ट गेंद पर सौम्य सरकार ने 2 रन के लिए दौड़ लगाई। बांग्लादेश की बल्लेबाजी लिटन दास के इर्द-गिर्द नजर आ रही है। बांग्लादेश- 165/5 (37)
बांग्लादेश ने 33 ओवर के खेल तक 5 विकेट के नुकसान पर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल लिटन दास 105, जबकि सौम्य सरकार 0 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश की टीम फिलहाल 4.61 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है।
लिटन दास एशिया कप के फाइनल में शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में सनथ जयसूर्या नंबर-1 हैं, जिन्होंने 2008 में भारत के खिलाफ 125 रन की पारी खेली। बांग्लादेश- 147/4 (30)
26.5 ओवर में भारत को तीसरी सफलता हाथ लग चुकी है। मुशफिकुर रहीम महज 5 रन बनाकर जाधव का दूसरा शिकार बने। जाधव के इस ओवर में महज 3 रन। बांग्लादेश- 138/3 (27)
इमरूल के पवेलियन लौटने के बाद मुशफिकुर रहीम बल्लेबाजी के लिए आ चुके हैं। केदार जाधव को उनका तीसरा ओवर सौंपा गया है। पहली बॉल पर कोई रन नहीं। अगली गेंद पर लिटन ने सिंगल निकाला। स्ट्राइक पर मुशफिकुर। तीन गेंदें डॉट। लास्ट बॉल पर चौके के साथ मुशफिकुर ने खाता खोला। बांग्लादेश- 133/2 (25)
केदार जाधव को गेंदबाजी आक्रमण पर लगा दिया गया है। पहली गेंद पर मेहदी ने सिंगल निकाला। अगली बॉल पर सिंगल। तीसरी गेंद पर मेहदी हसन ने 2 रन के लिए दौड़ लगाई। पांचवीं गेंद पर मेहदी हसन कैच आउट। इसी के साथ भारत को पहली सफलता हाथ लगी। बांग्लादेश- 120/1 (21)
बांग्लादेश ने 18 ओवर के खेल तक बगैर किसी नुकसान के 102 रन बना लिए हैं। फिलहाल लिटन दास 73, जबकि मेहदी हसन 26 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश की टीम फिलहाल 5.67 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है।
जडेजा अपने तीसरे ओवर में। पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं। अगली बॉल पर लिटन ने डीप मिड विकेट की दिशा में चौका लगाया। पांचवीं गेंद पर लिटन दास ने डबल निकाला। इस ओवर से कुल 7 रन। बांग्लादेश- 93/0 (16)
रवींद्र जडेजा को गेंदबाजी आक्रमण पर लगा दिया गया है। पहली ही गेंद पर लिटन ने चौके का साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। अगली बॉल डॉट। तीसरी गेंद पर डबल। इस ओवर से कुल 8 रन। इस ओवर में चहल ने कैच टपकाया। बांग्लादेश- 74/0 (12)
भुवनेश्वर कुमार अपने चौथे ओवर में। पहली गेंद पर कोई रन नहीं। अगली बॉल पर लिटन दास ने सिंगल निकाला। लास्ट चार गेंदें डॉट। इस ओवर से महज 1 रन। पहले पावरप्ले का खेल समाप्त। बांग्लादश- 65/0 (10)
लिटन दास और मेहदी हसन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। बांग्लादेश को मजबूत शुरुआत मिली है। भारत को मैच में वापसी के लिए जल्द से जल्द विकेट चटकाना होगा। बांग्लादेश- 58/0 (8)
बांग्लादेश ने 5 ओवर के खेल तक बगैर किसी नुकसान के 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल लिटन दास 22, जबकि मेहदी हसन 9 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। बांग्लादेश की टीम फिलहाल 6.6 के रनरेट से बल्लेबाजी कर रही है।