England vs Sri Lanka 2nd T20I: इंग्लैंड ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। गुरुवार (24 जून) को कार्डिफ में खेले गए मैच में मेजबान टीम डकवर्थ लुईस नियम से जीती। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 111 रन बनाए। इंग्लैंड को बारिश के कारण 18 ओवर में जीत के लिए 103 रनों का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड की टीम 16.1 ओवर में 5 विकेट पर 108 रन बनाकर मैच जीत गई।

इंग्लैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीतने में सफल रही। इंग्लिश टीम ने 2016 में घरेलू मैदान पर एक मैच की सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया था। इसके बाद 2018/19 में श्रीलंका के मैदान पर एक मैच की सीरीज को 1-0 से जीता था। श्रीलंका की बात करें तो वह इंग्लैंड के खिलाफ पिछली बार 2014 में सीरीज जीता था। श्रीलंका 2006 और 2011 में भी इंग्लैंड के मैदान पर सीरीज जीतने में सफल रहा था, लेकिन पिछले कुछ सालों से उसके प्रदर्शन में गिरावट आई है। उसी का नतीजा है 2014 से अब तक इंग्लैंड के खिलाफ एक भी सीरीज नहीं जीत सकी है।

रनप्रति ओवर के हिसाब से पिछले आठ साल में यह सबसे खराब टी20 मैच था। मुकाबले में 6.05 रन प्रति ओवर बने। दोनों टीमों ने कुल 219 रन बनाने के लिए 217 गेंदों का सामना किया। इस दौरान औसत 18.25 का रहा। इससे पहले 2013 में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच द ओवल में खेले गए मैच में रन प्रति ओवर 6.00 था। हालांकि, उस मुकाबले में सिर्फ दो गेंदें हुई थीं। इस दौरान दो रन ही बने थे। 2010 में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच में रन प्रति ओवर 5.47 था। तब दोनों टीमों ने 196 गेंद पर 179 रन बनाए। यह रन प्रति ओवर के हिसाब से सबसे खराब टी20 मैच था।

दूसरे टी20 में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उसके लिए कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। 39 गेंद की पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। कुसल परेरा ने 25 गेंद पर 21 और इसुरू उदाना ने 14 गेंद पर नाबाद 19 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। इंग्लैंड के लिए मार्क वुड और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट लिए। सैम करन और क्रिस जॉर्डन को एक-एक सफलता मिली।

इंग्लैंड 16.1 ओवर में ही मैच जीत गया। उसके लिए लियम लिविंगस्टोन ने 26 गेंद पर नाबाद 29 रन, सैम बिलिंग्स ने 29 गेंद पर 24 रन, जेसन रॉय ने 17 गेंद पर 17 रन, सैम करन ने 8 गेंद पर नाबाद 16 रन और कप्तान इयॉन मॉर्गन ने 9 गेंद पर 11 रन बनाए। डेविड मलान 4 रन ही बना सके। जॉनी बेयरस्टो खाता भी नहीं खोल सके। वनिंदु हसरंगा ने दो विकेट लिए। इसुरू उदाना, बिनरू फर्नांडो और दुष्मंथ चमीरा को एक-एक सफलता मिली।