दुनिया भर में कोरोना वायरस के कारण लोगों के दुखों में इजाफा हो रहा है। इसी बीच वनडे और टी20 में इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन को जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी मिली है। वे पहली बार पिता बने हैं। मॉर्गन की पत्नी तारा ने बेटे को जन्म दिया है। उन्होंने पिछले साल जुलाई में इंग्लैंड को वनडे वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाया था। क्रिकेट को दुनिया के सामने लाने वाला देश इंग्लैंड वनडे इतिहास में पहली बार वर्ल्ड कप जीतने में सफल रहा था।
इंग्लैंड के इस आक्रामक बल्लेबाज ने तारा के साथ नवंबर 2018 में शादी की थी। तब से तारा उनके जीवन में ‘लेडी लक’ के रुप में काम कर रही हैं। शादी के कुछ समय बाद ही इंग्लैंड की टीम वर्ल्ड चैंपियन बनी। आयरलैंड में पैदा हुए मॉर्गन ने टीम का नेतृत्व आगे बढ़कर किया। इसके बाद लगभग 9 महीने बाद वे पिता बन गए। तारा ने 9 मार्च को बच्चे को जन्म दिया। उन्होंने उसका नाम लियो लुईस ओलिवर मॉर्गन रखा। तारा ने बुधवार यानी 18 मार्च को देर रात इंस्टाग्राम पर बेटे की तस्वीर शेयर की।
मॉर्गन और तारा की पहली मुलाकात 2010 में हुई थी। तब मॉर्गन इंग्लैंड की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में खेल रहे थे। तारा का घर एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया) में है, लेकिन वे अब लंदन (इंग्लैंड) में बस गई हैं। वे फैशन हाउस बरबेरी के लिए पीआर का काम करती हैं। मॉर्गन ने इंग्लैंड के लिए टेस्ट 16 टेस्ट में 30.43 की औसत से 700 रन बना चुके हैं। 236 वनडे मैचों में उनके नाम 7368 रन हैं। टी20 में उन्होंने 89 मैच खेले हैं। इस दौरान 2138 रन बनाए हैं।
मार्गन उस समय पिता बने हैं जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस के चपेट में है। उसके कारण लगभग सभी खेलों के टूर्नामेंट को रद्द या स्थगित कर दिया गया है। इस कारण इंग्लैंड की टीम श्रीलंका दौरे से वापस घर चली गई थी। फिलहाल मॉर्गन घर पर ही पत्नी और बच्चे के साथ रहेंगे। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड काउंटी सीजन को भी छोटा करना चाह रहा है।