इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। उनके टेस्ट कप्तान अगले तीन महीनों के लिए टीम से बाहर हो गए है। बेन स्टोक्स की हैमस्ट्रिंग में इंजरी हुई है। हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में स्टोक्स तीसरे दिन के खेल के दौरान मैदान से बाहर हो गए थे। इसके बाद हुए चेकअप के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने साफ किया कि स्टोक्स की बाएं हाथ की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है और उन्हें अगले महीने इसकी सर्जरी करानी होगी।
स्टोक्स को नहीं मिली थी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में जगह
स्टोक्स को इसी इंजरी के कारण भारत के खिलाफ वनडे सीरीज और पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में नहीं चुना गया है। ECB ने आधिकारिक बयान में कहा था कि स्टोक्स को फिटनेस के कारण टीम में जगह नहीं मिली है। स्टोक्स ने नवंबर 2023 के बाद से ही वनडे मुकाबला नहीं खेला है। स्टोक्स SA20 लीग भी नहीं खेल पाएंगे।
पहले भी चोटिल हुए थे बेन स्टोक्स
बेन स्टोक्स पहले भी हैमस्ट्रिंग इंजरी से परेशान हो चुके हैं। 4 महीने में दूसरी बार उनके साथ ऐसा हुआ है। उन्हें 2024 अगस्त में भी हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। पुरुष हंड्रेड में मैनचेस्टर ऑरिजिनल्स के खिलाफ नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स की ओर से खेलते हुए उन्हें चोट लगी थी। तब भी वह हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते 2 महीने क्रिकेट से दूर हो गए थे।