मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड-श्रीलंका के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में दिनेश चांदीमल को शोएब बशीर ने एलबीडब्ल्यू किया। श्रीलंका की पहली पारी के 23वें ओवर में यह विकेट गिरा। बशीर की यह गेंद देखकर हर कोई हैरान रह गया। इस गेंद को देखकर ऐसा लगा कि मैच मैनचेस्टर नहीं कोलंबो में हो रहा है।
इंग्लैंड में टेस्ट मैच के पहले दिन पहले सत्र में ऐसा टर्न और लो बाउंस देखकर कोई भी हैरान रह जाएगा। भारत और श्रीलंका जैसे एशियाई देशों में भी बहुत कम पहले ही सत्र से गेंद को इतना टर्न लेते और लो रहते देखा जाता है। यहां ऐसा होने पर खूब हंगामा होता है। दिनेश चांदीमल की विकेट की बात करें तो बशीर का यह दूसरा ओवर था। उन्होंने तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ द लेंथ की।
चांदीमल ने रिव्यू बेकार किया
चांदीमल ने इस गेंद को लेग साइड में खेलने की कोशिश की। गेंद काफी लो रही और उनके पैर पर लगी। अंपायर ने आउट दिया। चांदीमल ने रिव्यू लेने का फैसला किया। रिव्यू भी बेकार गया। वह 40 गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दो चौके लगाए। जब वह आउट हुए तब श्रीलंका का स्कोर 72 रन पर 5 विकेट हो गया। नीचे वीडियो में चांदीमल का विकेट देख सकते हैं।
गेंद को स्पिन होने देकर फंसे चांदीमल
शोएब बशीर ने अपने पिछले ओवर की तीसरी गेंद पर ऐसी ही गेंद फेंकी थी,लेकिन तब चंदीमल थोड़ा आगे की ओर थे और बल्ला लगाने में सफल रहे। हालांकि, इस बार ऐसा नहीं हुआ। वह पीछे रहे और गेंद को स्पिन होने दिया और खेलने से चूक गए। गेंद बमुश्किल उछली और चांदीमल को पूरी तरह से चकमा दे गई।